जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया। आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना घाटी में पूरी तरह से सक्रिय है। इस बीच खबर आई कि स्थिति को देखते हुए दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनियां अमेजन (Amazon) और फ्लिपकार्ट (Flipkart) ने जम्मू-कश्मीर में अपनी डिलीवरी सर्विसेज रोक दी हैं। हालांकि बाद में फ्लिपकार्ट के पुलवामा सेंटर के स्टेशन मैनेजर ने इस बात का खंडन किया है।
वॉयस टीवी उर्दू से बात करते हुए फ्लिपकार्ट के पुलवामा सेंटर के स्टेशन मैनेजर जुबैर अहमद ने कहा कि अमेजन और फ्लिपकार्ट घाटी में सामान्य रूप से डिलीवरी कर रहे हैं। रोड ब्लॉकेज के कारण जम्मू-कश्मीर के कुछ पिनकोड बंद हैं।”
इससे पहले डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (DPAP) के प्रवक्ता अश्विनी हांडा ने ट्वीट कर कहा था, ”शर्मनाक! पहलगाम हमले के डर ने अमेजन और फ्लिपकार्ट को जम्मू-कश्मीर में अपनी सर्विसेज रोकने पर मजबूर कर दिया है। इस वजह से लोग सबसे ज्यादा जरूरत के समय में अकेले पड़ गए हैं। केंद्र सरकार को तुरंत कदम उठाकर सुरक्षा और विश्वास बहाल करना चाहिए, न कि आतंकवादियों को हमारे जीवन पर हावी होने देना चाहिए!”
पहलगाम में हुआ था बड़ा आतंकी हमला
बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पहलगाम के बैसरन घाटी (मिनी स्विट्जरलैंड) में आतंकी हमला हुआ। आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें 28 लोगों की मौत हुई, जिसमें ज्यादातर पर्यटक शामिल थे। लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने हमले की जिम्मेदारी ली। हालांकि टीआरएफ ने बाद में आतंकी हमले में अपनी भूमिका से इनकार किया।
