Akshaya Tritiya 2026 भारतीय संस्कृति में अक्षय तृतीया का दिन सोना (Gold) और चांदी खरीदने के लिए सबसे शुभ माना जाता है। इस साल यह त्योहार 19 अप्रैल 2026 को मनाया जाएगा। लेकिन इस बार अक्षय तृतीया के आने से पहले ही सर्राफा बाजार से जो खबरें आ रही हैं, उन्होंने खरीदारों और निवेशकों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हलचल और घरेलू मांग में बदलाव के कारण सोने और चांदी की कीमतों में एक बड़ा 'क्रैश' देखने को मिला है, जिससे कीमती धातुएं अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे आ गई हैं। दूसरी ओर, दुबई के ज्वेलर्स ने इस मौके का फायदा उठाने के लिए भारतीय ग्राहकों और वहां रहने वाले प्रवासियों के लिए शानदार ऑफर्स की झड़ी लगा दी है। अक्षय तृतीया के विशेष अवसर पर दुबई में 'जीरो मेकिंग चार्ज' (गहने बनाने का कोई शुल्क नहीं), भारी डिस्काउंट और कीमती गिफ्ट वाउचर दिए जा रहे हैं। ये आकर्षक डील्स न केवल ग्राहकों का उत्साह बढ़ा रही हैं, बल्कि फेस्टिवल सीजन के दौरान सोने की बिक्री को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं। ऐसे में क्या अक्षय तृतीया पर सोना चांदी खरीदने का अच्छा मौका है आइए जानते हैं?
2 लाख रुपए सस्ती हुई चांदी
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी ने जनवरी के महीने में ₹4,39,337 प्रति किलोग्राम का ऑल-टाइम हाई स्तर छुआ था। लेकिन ताजा अपडेट के मुताबिक, चांदी अब भारी गिरावट के साथ ₹2,38,720 के आसपास ट्रेड कर रही है। इसका सीधा मतलब यह है कि चांदी अपने रिकॉर्ड ऊंचे स्तर से करीब ₹2,00,891 प्रति किलो सस्ती मिल रही है। प्रतिशत के मामले में देखें तो चांदी की कीमतों में अपने पीक से 20% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। उन लोगों के लिए जो चांदी के जेवर या सिक्के खरीदने की योजना बना रहे थे, यह बचत का एक बहुत बड़ा अवसर है। चांदी में इतनी गिरावट निवेशकों के लिए अच्छा मौका साबित हो सकती है
सोने की कीमतों का हाल
सिर्फ चांदी ही नहीं, बल्कि सोने की कीमतों ने भी निवेशकों को चौंकाया है। सोने की कीमतों में भी करीब ₹51,000 तक की बड़ी गिरावट देखी गई है। सोने की कीमतें जनवरी के महीने में 1 लाख 93 हजार तक पहुंच गई थीं, ऐसे में अक्षय तृतीया से ठीक पहले सोने का इस तरह सस्ता होना मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक स्थितियों में बदलाव और डॉलर की मजबूती के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा है, जिसका सीधा फायदा अब भारतीय ग्राहकों को मिल रहा है।

Akshaya Tritiya 2026
क्या खरीदारी के लिए यह सही समय है?
अक्षय तृतीया पर खरीदारी करना परंपरा और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। लेकिन निवेश के नजरिए से देखें तो क्या अभी पैसा लगाना सही है? बाजार विश्लेषकों का कहना है कि जब भी किसी एसेट की कीमत अपने रिकॉर्ड स्तर से 20% या उससे ज्यादा गिरती है, तो वह खरीदारी का एक अच्छा मौका (Buy on Dip) माना जाता है। चांदी में आई ₹2 लाख की कमी और सोने के गिरते दाम संकेत दे रहे हैं कि 19 अप्रैल के आसपास मांग में जबरदस्त उछाल आ सकता है। अगर कीमतें इसी स्तर पर टिकी रहती हैं, तो इस साल अक्षय तृतीया पर ज्वेलरी स्टोर में भारी भीड़ देखने को मिल सकती है।
अगर आप भी इस गिरावट का फायदा उठाना चाहते हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। हमेशा हॉलमार्क वाले सोने (BIS Hallmarked) की ही खरीदारी करें ताकि शुद्धता की गारंटी रहे। चांदी खरीदते समय भी उसकी करंट रेट और मेकिंग चार्जेस पर गौर करें। चूंकि कीमतें अभी अस्थिर हैं, इसलिए छोटे-छोटे अंतराल में निवेश करना या डिजिटल गोल्ड/सिल्वर का विकल्प चुनना भी एक स्मार्ट रणनीति हो सकती है। 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया है, ऐसे में अगर आप बाजार की इस गिरावट का लाभ उठाना चाहते हैं, तो कीमतों पर नजर बनाए रखें और सही समय पर अपना सौदा पक्का करें।
