बिजनेस

GDP की दमदार रफ्तार के बाद अब विदेशी मुद्रा भंडार का धमाका! इतने अरब डॉलर बढ़कर बनाया नया रिकॉर्ड

जीडीपी के बाद अब विदेशी मुद्रा भंडार का जलवा देखने को मिला है। विदेशी मुद्रा भंडार 11.47 अरब डॉलर बढ़कर 740.80 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया है।

Image

भारत का फॉरेक्स रिजर्व

वैश्विक उथल-पुथल के बीच भारतीय जीडीपी ने कमाल का प्रदर्शन किया है। अप्रैल-जून तिमाही में जीडीपी ग्रोाथ 7.8% रही। अब जीडीपी के बाद विदेशी मुद्रा भंडार ने धमाका कर दिया है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 28 अगस्त को समाप्त सप्ताह में 11.47 अरब डॉलर उछलकर 740.80 अरब डॉलर के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इसके एक सप्ताह पहले भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 12.42 अरब डॉलर बढ़कर 729.39 अरब डॉलर रहा था जो अपने-आप में एक रिकॉर्ड था।

फरवरी के बाद सबसे ऊंचा स्तर

इससे पहले 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 728.49 अरब डॉलर के तत्कालीन सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा था। लेकिन उसके बाद पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने और बढ़े तनाव के बीच कई सप्ताह तक इसमें गिरावट आई। ऐसे में गिरते रुपये को संभालने के लिए आरबीआई को विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर बेचकर हस्तक्षेप करना पड़ा था। आरबीआई ने जून में रियायती विदेशी मुद्रा अदला-बदली (एफसीएनआर) पहल की घोषणा की थी, जिसके बाद से भंडार में लगातार वृद्धि हो रही है। स्थानीय मुद्रा में तेज गिरावट के बीच शुरू की गई इस पहल से 132 अरब डॉलर से अधिक का नया प्रवाह आया है। इसके परिणामस्वरूप, 28 अगस्त को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक मानी जाने वालीं विदेशी मुद्रा आस्तियां 9.34 अरब डॉलर बढ़कर 600.67 अरब डॉलर हो गईं।

स्वर्ण भंडार में भी बढ़ोतरी

डॉलर के संदर्भ में विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में शामिल यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में उतार-चढ़ाव का प्रभाव भी शामिल होता है। आरबीआई के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.19 अरब डॉलर बढ़कर 116.41 अरब डॉलर हो गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 4.3 करोड़ डॉलर घटकर 18.81 अरब डॉलर रह गए। आलोच्य सप्ताह के अंत में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास जमा भारत के कोष की स्थिति भी 1.1 करोड़ डॉलर घटकर 4.91 अरब डॉलर रह गई।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article