बिजनेस

IPO Update: एफकॉन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर के आईपीओ का प्राइस बैंड तय, इन दो कंपनियों के इश्यू को सेबी की मंजूरी

IPO Update: शापूरजी पालोनजी समूह की कंपनी एफकॉन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 440-463 रुपये प्रति शेयर तय हुआ है। वहीं निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड और पारस हेल्थकेयर लिमिटेड को आईपीओ को सेबी की मंजूरी मिल गई है।

Image

आईपीओ अपडेट

IPO Update:शापूरजी पालोनजी समूह की कंपनी एफकॉन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने 25 अक्टूबर को खुलने वाले अपने 5,430 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 440-463 रुपये प्रति शेयर तय किया है।एफकॉन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर ने बयान में कहा कि उसका आईपीओ 1,250 करोड़ रुपये तक के नए शेयरों और 4,180 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण है। यह निर्गम 29 अक्टूबर को बंद होगा।

निवेशक कैसे लगा सकेंगे बोली

कंपनी ने कहा कि आईपीओ का प्राइस बैंड 440-463 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है और निवेशक न्यूनतम 32 इक्विटी शेयरों और उसके बाद 32 के गुणक में बोली लगा सकते हैं।कंपनी ने कहा कि आईपीओ से जुटाई जाने वाली राशि का इस्तेमाल निर्माण उपकरण खरीदने, दीर्घकालिक कार्यशील पूंजी जरूरतों को पूरा करने और कुछ बकाया कर्ज के भुगतान में किया जाएगा।एफकॉन्स बुनियादी ढांचा क्षेत्र के पांच कारोबारी खंडों में काम करती है, जिसमें समुद्री और औद्योगिक, भूतल परिवहन, शहरी बुनियादी ढांचा, जलविद्युत और भूमिगत के साथ तेल और गैस शामिल हैं।

इन आईपीओ को सेबी की मंजूरी

निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड और पारस हेल्थकेयर लिमिटेड को आईपीओ के जरिये पूंजी जुटाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी मिल गई है। बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र में काम करती है, जबकि पारस हेल्थकेयर लिमिटेड ‘पारस हेल्थ’ ब्रांड के तहत अस्पताल श्रृंखला चलाती है।

निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी की नए शेयर जारी कर और बिक्री पेशकश (ओएफएस) के जरिये 3,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। दूसरी ओर पारस हेल्थकेयर आईपीओ से 400 करोड़ रुपये तक जुटाना चाह रही है।दोनों कंपनियों ने जुलाई-अगस्त के दौरान भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड के पास आईपीओ के लिए आवेदन किया था।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article