Adi Godrej Birthday: गोदरेज ग्रुप (Godrej Group) के चेयरमैन आदि गोदरेज आज 81 साल के हो गए। आदि गोदरेज का जन्म 3 अप्रैल, 1942 को मुंबई में हुआ था। गोदरेज ग्रुप न सिर्फ भारत के सबसे पुराने बिजनेस में एक है बल्कि गोदरेज परिवार को इतिहास भी काफी पुराना है। आर्देशिर गोदरेज और उनके छोटे भाई पिरोजशा गोदरेज ने साल 1897 में गोदरेज ग्रुप की स्थापना की थी। आदि गोदरेज और पिरोजशा गोदरेज के बीच दादा-पोते का रिश्ता है। गोदरेज के बिजनेस में अब आदि गोदरेज के बेटे पिरोजशा गोदरेज भी अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस तरह से गोदरेज ग्रुप की स्थापना से लेकर अभी तक इस कंपनी को चौथी पीढ़ी संभाल रही है।
1897 में ताला बनाने वाली कंपनी के रूप में गोदरेज ने शुरू किया था बिजनेस
भारत की आजादी के दौरान स्वदेशी आंदोलन से जुड़ी इस कंपनी ने साल 1897 में ताला बनाने वाली कंपनी के तौर पर अपने बिजनेस की शुरुआत की थी। साल 1918 में कंपनी ने दुनिया का पहला वेजिटेबल ऑयल सोप लॉन्च किया। ताले और साबुन के बाद गोदरेज ने अलमारी के बिजनेस में हाथ आजमाया। साल 1923 में गोदरेज ने स्टील की अलमारी बनाई। आपको जानकर हैरानी होगी कि गोदरेज ने आजाद भारत में साल 1951 में पहली बार हुए चुनाव में इस्तेमाल किए गए बैलेट बॉक्स भी बनाया था।
कैसा रहा गोदरेज का 126 साल का सफर
गोदरेज ने साल 1952 में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिन्थॉल साबुन लॉन्च किया जो आज भी इस्तेमाल किया जा रहा है। सिन्थॉल के लॉन्च के 6 साल बाद यानी साल 1958 में रेफ्रिजरेटर्स का बिजनेस शुरू किया। कंपनी ने 1974 में हेयर कलर लॉन्च किया। इसके बाद साल 1990 में गोदरेज ने प्रॉपर्टी के बिजनेस में कदम रखा। 1991 में कंपनी ने एग्री बिजनेस भी शुरू कर दिया। 1994 में गोदरेज ने मच्छर मारने वाली दवा गुड नाइट लॉन्च किया। साल 2005 में कंपनी ने खाने-पीने की चीजों का बिजनेस शुरू कर दिया। साल 2008 में गोदरेज ने ऐरोस्पेस सेक्टर में कदम रखा। साल 2017 में गोदरेज BSE और NSE में लिस्ट हो गया।
आदि गोदरेज ने गोदरेज ग्रुप को नए मुकाम पर पहुंचाया
आर्देशिर गोदरेज और उनके छोटे भाई पिरोजशा गोदरेज ने बेशक 126 साल पहले गोदरेज ग्रुप की स्थापना की थी लेकिन उस कंपनी को नए मुकाम पर पहुंचाने में आदि गोदरेज ने एक अहम भूमिका निभाई। आदि गोदरेज की मौजूदा नेट वर्थ 2.8 बिलियन डॉलर है। गोदरेज ग्रुप आज ऐरोस्पेस, एग्रीकल्चर, कंज्यूमर गुड्स, होम एप्लायंसेज, केमिकल्स, कंस्ट्रक्शन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, रियल एस्टेट, सिक्यॉरिटी सॉल्यूशंस और इंफोटेक सेक्टर में तहलका मचा रहा है।
