AC TV Price: सरकार ने एयर कंडीशनर (एसी) पर माल एवं सेवा कर (जीएसटी) को मौजूदा 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा है, जिससे उपकरण निर्माता आगामी त्योहारों के दौरान बेहतर बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं। इससे विभिन्न मॉडल के आधार पर एसी की कीमतें 1,500 से 2,500 रुपये तक कम हो जाएंगी।
घटेंगे एसी और टीवी के दाम (तस्वीर-istock)
कीमतों में कटौती के कारण
सरकार द्वारा हाल ही में आयकर में कटौती और भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से रेपो दर में संशोधन ने कीमतों में कमी को संभव बनाया है। इससे न केवल एसी की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि ‘प्रीमियम एसी’ की मांग भी बढ़ेगी, क्योंकि लोग ऊर्जा-कुशल मॉडल खरीदना पसंद करेंगे।
टीवी पर भी मिलेगा फायदा
32 इंच से बड़े टीवी स्क्रीन पर भी जीएसटी स्लैब को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की संभावना है, जो टीवी की कीमतों में भी राहत देगा।
उद्योग विशेषज्ञों की प्रतिक्रिया
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक बी. त्यागराजन ने इस कदम को ‘शानदार’ बताया और सरकार से शीघ्र इसे लागू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ग्राहक इस फैसले के लागू होने का इंतजार कर रहे हैं, इसलिए अगस्त में आरएसी की बिक्री कम होगी। पैनासोनिक के चेयरमैन मनीष शर्मा ने कहा कि ऊर्जा कुशल उत्पादों पर 12 प्रतिशत और अन्य उत्पादों पर 18 प्रतिशत जीएसटी की उम्मीद है। उन्होंने अनुमान लगाया कि कीमतों में 1,500 से 2,500 रुपये तक की कमी आएगी।
गोदरेज की उम्मीदें
गोदरेज अप्लायंसेज के व्यापार प्रमुख कमल नंदी ने कहा कि एसी पर जीएसटी कटौती से आम लोगों के लिए यह किफायती बनेगा और जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा।
स्मार्ट टीवी बाजार में वृद्धि
सुपर प्लास्ट्रोनिक्स के सीईओ अवनीत सिंह मारवाह ने कहा कि इससे त्योहारों में बिक्री बढ़ेगी और उपभोक्तावाद को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने 32 इंच के स्मार्ट टीवी पर 5 प्रतिशत जीएसटी स्लैब लागू करने की सरकार से मांग की।
बेमौसम बारिश से कारोबार प्रभावित
बेमौसम बारिश और मानसून के पहले आने से अप्रैल-जून तिमाही में रूम एसी कारोबार में गिरावट आई है। वोल्टास, ब्लू स्टार और हैवेल्स जैसी कंपनियों ने 13 से 34 प्रतिशत तक राजस्व में कमी दर्ज की, जिससे उनके मुनाफे पर दबाव पड़ा है।
