7th Pay Commission, DA Hike 2024: लंबे इंतजार के बाद केंद्र सरकार के कर्मचारियों को वेतन वृद्धि की अच्छी खबर मिली। क्योंकि केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में आज (16 अक्तूबर 2024) केंद्रीय कर्मचारियों के DA में 3% बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई। मोदी सरकार ने दीवाली से पहले महंगाई भत्ते (DA) में 3% की बढ़ोतरी की घोषणा की। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2024 से लागू मानी जाएगी। फिलहाल डीए 50% है, इसमें 3% की बढ़ोतरी के बाद यह 53% हो गया है। महंगाई भत्ते में इस बढ़ोतरी का मतलब है कि 1 करोड़ से अधिक केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को अक्टूबर महीने का वेतन बढ़े हुए DA के साथ-साथ तीन महीने का एरियर भी मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा (तस्वीर-Canva)
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए डीए में 3% की बढ़ोतरी और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत को मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार के कर्मचारियों के वेतन में सालाना कुल 9448 करोड़ रुपये जुड़ेंगे।
इसी तरह जुलाई में डीए में बढ़ोतरी की घोषणा दीपावली तक जाती है। तीन प्रतिशत डीए बढ़ोतरी के बाद एंट्री लेवल सरकारी कर्मचारी के मूल वेतन में मासिक आधार पर 540 रुपये की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। सरकार के इस फैसले से करीब एक करोड़ केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशन धारकों को राहत मिलेगी। कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर का एरियर मिलने की भी उम्मीद की जा रही है। 9 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद डीए में बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही थी। हालांकि, केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशन धारकों को इस संशोधन के लिए कुछ लंबा इंतजार करना पड़ा।
केंद्र साल में दो बार महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी करता है जो जनवरी और जुलाई से लागू होता है। हालांकि घोषणाएं आमतौर पर मार्च और सितंबर के आसपास की जाती हैं। जनवरी में DA बढ़ोतरी की घोषणा आमतौर पर होली के आसपास की जाती है, जो मार्च में पड़ती है। जबकि जुलाई में बढ़ोतरी दिवाली के आसपास घोषित की जाती है, जो आमतौर पर हर साल अक्टूबर या नवंबर में होती है।
इस साल जुलाई में महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी में काफी देरी हुई है। पहले उम्मीद थी कि हरियाणा चुनाव से पहले इसकी घोषणा हो जाएगी जो 5 अक्टूबर को हुई थी। हालांकि ऐसा नहीं हुआ, लेकिन बढ़ोतरी की घोषणा दिवाली से कुछ दिन पहले कर दी गई। जो इस साल 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी। महंगाई भत्ता सरकारी कर्मचारियों के वेतन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य महंगाई के प्रभाव को कम करना है। यह अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI) के आधार पर निर्धारित किया जाता है, जो खुदरा मूल्य में बदलाव की निगरानी करता है।
इसके अलावा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को घोषणा की कि दीपावली और त्योहारी सीजन से पहले राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में 4% की बढ़ोतरी की जाएगी। जिससे यह मूल वेतन का 50% हो जाएगा। यह वृद्धि 1 अक्टूबर से लागू होगी
