7th Pay Commission DA Hike 2025: 7वें वेतन आयोग के तहत महंगाई भत्ता (DA) बढ़ोतरी पर नजर रखने वाले कर्मचारियों के लिए यह खबर मायूस कर सकती है। जनवरी 2025 में AICPI-IW (अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक - औद्योगिक श्रमिक) के आंकड़े 0.5 अंक गिरकर 143.2 पर आ गए हैं। यह लगातार दूसरा महीना है जब इसमें गिरावट दर्ज की गई है। दिसंबर 2024 में यह सूचकांक 0.8 अंक गिरकर 143.7 पर पहुंचा था।
कैसे तय होता है DA और DR?
केंद्रीय कर्मचारियों के लिए DA की गणना इस फॉर्मूले से की जाती है: DA% = [(पिछले 12 महीनों के AICPI-IW का औसत – 115.76) / 115.76] x 100
वहीं, सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए ऐसे कैलकुलेशन होता है- DA% = [(पिछले 3 महीनों के AICPI-IW का औसत – 126.33) / 126.33] x 100
महंगाई भत्ता और महंगाई राहत (DA/DR) सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की क्रय शक्ति को संतुलित करने के लिए सरकार द्वारा साल में दो बार बढ़ाया जाता है—पहली बार 1 जनवरी से और दूसरी बार 1 जुलाई से।
क्या होगा वेतन और पेंशन में बदलाव?
अगर जनवरी 2025 में महंगाई भत्ते (DA) में 2% की बढ़ोतरी होती है, तो इससे केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन और पेंशन में बदलाव आएगा। वर्तमान में न्यूनतम मूल वेतन ₹18,000 है। DA में 2% वृद्धि होने पर वेतन में ₹360 की बढ़ोतरी होगी। वर्तमान में 53% DA के हिसाब से कुल वेतन ₹27,540 बनता है, जबकि 55% DA होने पर यह बढ़कर ₹27,900 हो जाएगा।
वहीं, पेंशनभोगियों के लिए भी DR (महंगाई राहत) में 2% की वृद्धि होने से उनकी न्यूनतम पेंशन में ₹180 की बढ़ोतरी होगी। अभी 53% DR के तहत कुल पेंशन ₹13,770 मिल रही है, लेकिन 55% DR लागू होने के बाद यह बढ़कर ₹13,950 हो जाएगी।
इतिहास में सबसे कम DA बढ़ोतरी?
केंद्रीय कर्मचारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट एम्प्लॉईज एंड वर्कर्स के अध्यक्ष रूपक सरकार के अनुसार, इस बार DA बढ़ोतरी केवल 2% रहने की संभावना है। यह पिछले 7 वर्षों में सबसे कम बढ़ोतरी होगी। अब केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सरकार की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
