गूगल (Google) में सीनियर मैनेजर के रूप में काम कर रहे एक कर्मचारी को हाल ही में कंपनी ने लागत-कटौती के नाम पर निकाल दिया। लेकिन हार मानने के बजाय इस कर्मचारी ने अपनी खुद की कंपनी खड़ी करने का फैसला किया है। हेनरी किर्क नाम के इस शख्स को कई अन्य कर्मचारियों का समर्थन मिल रहा है, जिन्हें इसी तरह से नौकरी से हटा दिया गया था।
गूगल से निकाले गए कर्मचारी बनाएंगे नई कंपनी
हेनरी किर्क ने गूगल में 8 साल तक काम किया
किर्क ने गूगल में आठ साल तक काम किया और वह कंपनी से निकाले गए 12,000 कर्मचारियों में से एक थे। किर्क ने कहा कि उन्होंने न्यूयॉर्क और सैन फ्रांसिस्को में एक डिजाइन और डेवलपमेंट स्टूडियो स्थापित करने के लिए अपनी टीम के लिए छह सप्ताह का लक्ष्य रखा।
उन्होंने अपनी कहानी साझा करने के लिए लिंक्डइन (LinkedIn) का सहारा लिया। मार्च में छंटनी का नोटिस पूरा होने की 60 दिन की समय सीमा से पहले ही किर्क का इरादा अपनी कंपनी स्थापित करने का है। उन्होंने पिछले सप्ताह एक लिंक्डइन पोस्ट में लिखा- मेरे पास 52 दिन बचे हैं। मुझे आपकी मदद की जरूरत है, मेरा हमेशा से दृढ़ विश्वास रहा है कि कड़ी मेहनत और परिणाम आपको जीवन में बहुत आगे तक ले जाएंगे। हालांकि यह घटना उस विश्वास में संदेह पैदा कर सकती है, यह मेरा अनुभव है कि ये जीवन चुनौतियां अद्वितीय मौके देती हैं।
6 पूर्व कर्मचारी भी प्रोजेक्ट में शामिल
उन्होंने कहा कि गूगल के छह पूर्व कर्मचारी भी उनके साथ इस प्रोजेक्ट में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा, आज मैं एक छलांग आगे जा रहा हूं और इस मुश्किल दौर को एक अवसर में बदल रहा हूं। मैं अपने भविष्य को आकार देने और अपना बनाने के लिए 6 उत्कृष्ट #xooglers के साथ मिलकर काम कर रहा हूं। हम न्यूयॉर्क और सैन फ्रांसिस्को में एक डिजाइन और डेवलपमेंट स्टूडियो शुरू कर रहे हैं। ऐसा करने का शायद यह अब तक का सबसे बुरा समय है, लेकिन यह रोमांचक और चुनौतीपूर्ण है।
अपने स्टार्टअप में वे अन्य कंपनियों के ऐप्स और वेबसाइट्स के लिए डिजाइन और रिसर्च टूल्स, बिना जरूरी जानकारी वाले संगठनों के लिए इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट और स्टार्टअप के लिए बजट हासिल करने में सहायता की पेशकश करना चाहते हैं। किर्क ने कहा कि सात बेहतरीन पूर्व-गूगलर्स को निकाल दिया गया है, जो रिसर्च, डिजाइन और महत्वाकांक्षी सॉफ्टवेयर प्रोजेक्ट के लिए सबसे बढ़िया सॉफ्टवेयर विकसित करने के लिए उत्सुक हैं।
