Multibagger Pharma Stock: शेयर बाजार में मल्टीबैगर स्टॉक्स हमेशा निवेशकों का ध्यान खींचते हैं। स्मॉलकैप फार्मा कंपनी क्यूपिड लिमिटेड ने भी पिछले कुछ सालों में शानदार रिटर्न दिया है। अब कंपनी 1:4 बोनस शेयर जारी करने जा रही है और इसके लिए रिकॉर्ड डेट भी तय कर दी गई है।
9 मार्च तय हुई रिकॉर्ड डेट
Cupid Bonus Share 2026 के लिए कंपनी ने रिकॉर्ड डेट 9 मार्च तय की है। क्यूपिड लिमिटेड ने एक्सचेंज फाइलिंग में दी जानकारी में बताया है कि 29 जनवरी को हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में बोनस शेयर जारी करने के लिए 9 मार्च, 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया गया है। इसके साथ ही बताया है कि कंपनी 1:4 के अनुपात में बोनस शेयर देगी। इसका मतलब है कि रिकॉर्ड डेट तक जिन निवेशकों के पास कंपनी का 1 शेयर होगा, उन्हें 4 एक्स्ट्रा शेयर दिए जाएंगे। मसलन, किसी निवेशक के पास रिकॉर्ड डेट से पहले 1000 शेयर हैं, तो बोनस इश्यू के बाद उसके पास कुल 5000 शेयर हो जाएंगे। बोनस शेयर का अलॉटमेंट 10 मार्च, 2026 को किया जाएगा।
5 साल में बना मल्टीबैगर स्टॉक
Cupid Share Performance पिछले पांच साल में धांसू रही है। कंपनी के शेयर ने मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। शुक्रवार को भी कंपनी का शेयर करीब 2 फीसदी की तेजी के साथ ₹408 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। बीते एक साल में इस शेयर ने करीब 533 फीसदी का रिटर्न दिया है, जबकि पिछले छह महीनों में इसमें करीब 117 फीसदी की तेजी आई है। अगर लॉन्ग टर्म की बात करें, तो पिछले 5 साल में यह शेयर करीब 3,784 फीसदी उछल चुका है। यानी पांच साल पहले करीब ₹10 का शेयर अब ₹400 से ज्यादा का हो चुका है।
FY26 में मजबूत ग्रोथ की उम्मीद
कंपनी प्रबंधन को वित्त वर्ष 2026 को लेकर काफी भरोसा है। कंपनी का कहना है कि FY26 उसके इतिहास का सबसे मजबूत साल साबित हो सकता है। प्रबंधन को उम्मीद है कि इस वित्त वर्ष में कंपनी का राजस्व ₹335 करोड़ से ज्यादा हो सकता है, जबकि नेट प्रॉफिट ₹100 करोड़ के पार जाने की संभावना है। कंपनी का मानना है कि मजबूत ऑर्डर बुक और बेहतर एग्जीक्यूशन की वजह से FY26 की दूसरी छमाही में ग्रोथ और तेज हो सकती है।
देशभर में तेजी से बढ़ रहा रिटेल नेटवर्क
क्यूपिड लिमिटेड भारत में अपने रिटेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रही है। कंपनी के प्रोडक्ट अब देशभर में 1.5 लाख से ज्यादा रिटेल आउटलेट्स पर उपलब्ध हैं। इसमें केमिस्ट स्टोर, कॉस्मेटिक्स स्टोर, ग्रोसरी स्टोर और अन्य रिटेल चैनल शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी मॉडर्न ट्रेड और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। फिलहाल कंपनी के प्रोडक्ट करीब 2934 मॉडर्न रिटेल स्टोर्स में उपलब्ध हैं और FY27 तक इसे 4000 से ज्यादा स्टोर्स तक पहुंचाने की योजना है।
तिमाही नतीजों में भी दिखी मजबूत तेजी
हालिया तिमाही नतीजों में भी कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा है। वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में कंपनी का राजस्व ₹104 करोड़ रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के ₹51 करोड़ के मुकाबले करीब 104 फीसदी ज्यादा है। वहीं कंपनी का नेट प्रॉफिट ₹11 करोड़ से बढ़कर ₹33 करोड़ हो गया, यानी सालाना आधार पर करीब 200 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। मजबूत वित्तीय प्रदर्शन और विस्तार योजनाओं के चलते यह स्टॉक बाजार में चर्चा में बना हुआ है।
डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
