बिजनेस

शहर जाने की जरूरत नहीं, कम लागत में गांव में ही शुरू करें ये 10 सुपरहिट बिजनेस

Village business ideas: आज के दौर में पैसा कमाने के लिए शहर के शोर और भीड़भाड़ में जाना जरूरी नहीं है। अगर आपके पास सही विजन है तो आप अपने गांव में ही अपनी सफलता की कहानी लिख सकते हैं।

Image

best business ideas for villages (Photo: AI Generated)

Village business ideas: आज के समय में गांवों में भी रोजगार के कई अच्छे अवसर मौजूद हैं। सही योजना और थोड़ी मेहनत से आप गांव में रहकर ही अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। इस आर्टिकल में हम आपको 10 ऐसे बिजनेस आइडिया देने जा रहे हैं, जिन्हें कम लागत में गांव में रहकर ही शुरू किया जा सकता है।

best business ideas for villages

best business ideas for villages (Photo: iStock)

डेयरी फार्मिंग

गांव में डेयरी फार्मिंग सबसे भरोसेमंद व्यवसायों में से एक है। गाय या भैंस पालकर दूध, दही और घी बेचकर नियमित आय कमाई जा सकती है। आसपास के शहरों में भी दूध की अच्छी मांग रहती है। लोग दुकानों से पैकेट वाले दूध की बजाय गाय या भैंस का दूध लेना पसंद करते हैं। गाय या भैंस पालकर सही देखभाल और पोषण से इस बिजनेस में काफी मुनाफा कमाया जा सकता है।

मुर्गी पालन

मुर्गी पालन कम निवेश में शुरू होने वाला लाभदायक व्यवसाय है। इसमें अंडे और चिकन दोनों से कमाई होती है। गांव में जगह और प्राकृतिक माहौल होने से यह काम आसान हो जाता है। सही तरीके से चीजें मैनेज की जाएं तो इस बिजनेस से भी अच्छा पैसा कमाया जा सकता है।

जैविक खाद

आजकल ऑर्गेनिक खेती का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है, जिससे वर्मी कंपोस्ट की मांग भी बढ़ी है। इस व्यवसाय में गोबर और जैविक कचरे का इस्तेमाल होता है। कम लागत में इसे घर पर ही शुरू किया जा सकता है। किसान इसे अच्छे दामों में खरीदते हैं। यानी इस बिजनेस से भी मोटा मुनाफा कमाया जा सकता है।

नर्सरी का व्यवसाय

नर्सरी में फूल, फल और सजावटी पौधों की खेती कर उन्हें बेचा जाता है। शहरों और गांवों दोनों में पौधों की मांग बढ़ रही है। सजावटी पौधों को लोग घर सजाने के लिए लेना पसंद करते हैं। यह बिजनेस थोड़ी जगह में भी शुरू किया जा सकता है। यह पर्यावरण के लिए भी लाभदायक है।

आटा और तेल मिल

गांव में आटा और तेल मिल की जरूरत हमेशा बनी रहती है। स्थानीय लोगों को ताजा आटा और तेल उपलब्ध करवाकर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। यह एक स्थिर और लंबे समय तक चलने वाला व्यवसाय है। मशीन लगाकर इसे आसानी से संचालित किया जा सकता है।

मसाला उद्योग

इसी तरह घर पर मसाले पीसकर पैकिंग कर बेचना भी एक अच्छा बिजनेस है। हल्दी, मिर्च, धनिया जैसे मसालों की हर घर में जरूरत होती है। शुद्ध और घरेलू मसालों की मांग अधिक रहती है। छोटे स्तर से शुरू कर इसे बड़े स्तर तक बढ़ाया जा सकता है।

अगरबत्ती और मोमबत्ती बनाना

अगरबत्ती और मोमबत्ती की मांग पूरे साल बनी रहती है, खासकर त्योहारों में अगरबत्ती और मोमबत्ती की मांग बढ़ जाती है। इसे कम लागत में घर से ही शुरू किया जा सकता है। महिलाओं के लिए यह बहुत अच्छा रोजगार विकल्प है। लोकल मार्केट में इसकी बिक्री आसानी से हो जाती है।

सब्जी और फल का थोक व्यापार

अगर आपके पास किसानों से संपर्क है तो आप सब्जी और फल का थोक व्यापार कर सकते हैं। गांव से सस्ती दर पर खरीदकर शहर में बेचने से अच्छा मुनाफा मिलता है। यह रोजाना चलने वाला बिजनेस है। इसमें तेजी से नकद कमाई होती है।

किराना या जनरल स्टोर

गांव में किराना दुकान हमेशा चलने वाला व्यवसाय है। रोजमर्रा की जरूरत का सामान बेचकर नियमित आय होती है। ग्राहक हमेशा आसपास से ही खरीदारी करते हैं। छोटे स्तर से शुरू करके धीरे-धीरे इसे बड़ा किया जा सकता है।

सीएससी सेंटर

सीएससी सेंटर खोलकर आप डिजिटल और सरकारी सेवाएं प्रदान कर सकते हैं। इसमें आधार, पैन कार्ड, बिल भुगतान और ऑनलाइन फॉर्म जैसी सेवाएं शामिल हैं। गांव में इन सुविधाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। यह कम निवेश में अच्छा मुनाफा देने वाला आधुनिक व्यवसाय है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article