ऑटो न्यूज़

XUV 3XO CNG vs Brezza CNG vs Nexon CNG: कौन-सी एसयूवी है ज्यादा दमदार, देखें अंतर

महिंद्रा ने हाल ही में अपने ग्राहकों के लिए XUV 3XO ZNG को पेश किया है। ऐसे में आपको Brezza CNG और Nexon CNG के साथ नई एसयूवी की तुलना जरूर करनी चाहिए।

Image

कौन-सी SUV है ज्यादा दमदार, खरीदारी से पहले समझ लें अंतर

भारत में सीएनजी कारों की मांग के बीच कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में मुकाबला और बढ़ गया है। महिंद्रा ने XUV 3XO ZNG को पेश कर टाटा नेक्सॉन iCNG और मारुति सुजुकी ब्रेजा S-CNG को नई चुनौती दी है। तीनों गाड़ियां कम रनिंग कॉस्ट के साथ एसयूवी का अनुभव देती हैं, लेकिन इनकी कीमत, माइलेज, इंजन और बूट स्पेस में अंतर है। ऐसे में कार खरीदने से पहले आपको यह जरूर जानना चाहिए कि कौन-सी एसयूवी आपकी जरूरतों के हिसाब से बेहतर हो सकती है-

कीमत

टाटा नेक्सॉन iCNG की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 8.30 लाख रुपये है। वहीं, मारुति सुजुकी ब्रेजा S-CNG की शुरुआती कीमत लगभग 9.39 लाख रुपये और महिंद्रा XUV 3XO ZNG की कीमत 9.99 लाख रुपये से शुरू होती है। इस तरह शुरुआती कीमत के मामले में नेक्सॉन सबसे किफायती विकल्प है। हालांकि, अलग-अलग वेरिएंट के फीचर्स और कीमतों की तुलना करना भी जरूरी है।

माइलेज

माइलेज के मामले में मारुति ब्रेजा S-CNG आगे है। इसका दावा किया गया माइलेज 26.90 किमी प्रति किलोग्राम है। टाटा नेक्सॉन iCNG का माइलेज करीब 24 किमी प्रति किलोग्राम और महिंद्रा XUV 3XO ZNG का 24.70 किमी प्रति किलोग्राम बताया गया है। जो लोग रोजाना लंबी दूरी तय करते हैं, उनके लिए ब्रेजा का माइलेज फायदेमंद हो सकता है।

इंजन और परफॉर्मेंस

नेक्सॉन iCNG और XUV 3XO ZNG में 1.2-लीटर टर्बो इंजन मिलता है, जबकि ब्रेजा S-CNG में 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन दिया गया है। XUV 3XO ZNG करीब 110 बीएचपी पावर और 200 एनएम टॉर्क के साथ आती है। नेक्सॉन iCNG में लगभग 100 एचपी पावर और 170 एनएम टॉर्क मिलता है। वहीं, ब्रेजा करीब 88 पीएस पावर और 121.5 एनएम टॉर्क देती है। इसलिए ज्यादा पावर चाहने वालों को महिंद्रा आकर्षित कर सकती है।

बूट स्पेस और फीचर्स

बूट स्पेस में ब्रेजा 328 लीटर के साथ आगे है। नेक्सॉन में 321 लीटर और XUV 3XO में 270 लीटर बूट स्पेस मिलता है। फीचर्स की बात करें तो चुनिंदा वेरिएंट में तीनों SUV में टचस्क्रीन और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स मिलते हैं। XUV 3XO में पैनोरमिक सनरूफ और रियर डिस्क ब्रेक जैसे फीचर्स भी उपलब्ध हैं।

कौन-सी SUV खरीदना बेहतर?

कम बजट में टर्बो इंजन वाली CNG SUV चाहिए तो नेक्सॉन iCNG पर विचार कर सकते हैं। ज्यादा माइलेज और सामान रखने की जगह के लिए ब्रेजा S-CNG अच्छा विकल्प है। वहीं, बेहतर पावर और आधुनिक फीचर्स प्राथमिकता हैं तो XUV 3XO ZNG पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, नई कार खरीदने से पहले वेरिएंट, ऑन-रोड कीमत और टेस्ट ड्राइव की तुलना जरूर करें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article