ऑटो न्यूज़

आपकी Car ज्यादा Petrol क्यों पी रही है? ड्राइविंग की ये गलतियां हैं जिम्मेदार

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच क्या आपको भी लग रहा है कि आपकी कार पहले से ज्यादा पेट्रोल पी रही है। अगर हां तो इसका कारण ड्राइविंग का गलत तरीका हो सकता है।

Image

Low Car Mileage Reasons (AI Generated Image)

Why your car is consuming more petrol: पेट्रोल की कीमत पिछले 10 दिनों में चार बार बढ़ चुकी है। ऐसे में हर कार चलाने वाला व्यक्ति चाहता है कि उसकी कार बेहतर माइलेज दे। हालांकि कई बार लोग यह शिकायत करते हैं कि उनकी कार सामान्य से ज्यादा पेट्रोल खर्च कर रही है। इसके पीछे केवल इंजन या तकनीकी खराबी ही जिम्मेदार नहीं होती, बल्कि ड्राइविंग से जुड़ी कुछ गलत आदतें भी ईंधन की खपत बढ़ा सकती हैं। कई लोग अनजाने में ऐसी गलतियां करते हैं, जिनका सीधा असर कार के माइलेज पर पड़ता है। इस आर्टिकल में आपकी ड्राइविंग से जुड़ी गलतियों को ही बताने जा रहे हैं, जिनकी वजह से आपकी गाड़ी ज्यादा पेट्रोल पीने लगती है-

तेज रफ्तार में लगातार गाड़ी चलाना

बहुत तेज रफ्तार में कार चलाना पेट्रोल की खपत बढ़ाने की सबसे बड़ी वजहों में से एक माना जाता है। जब गाड़ी ज्यादा रफ्तार पर चलती है, तो इंजन को अधिक ताकत लगानी पड़ती है। इससे ईंधन तेजी से खर्च होने लगता है। खासतौर पर हाईवे पर लगातार बहुत तेज गति में ड्राइविंग करने से माइलेज कम हो सकता है।

बार-बार तेज एक्सेलरेटर और अचानक ब्रेक लगाना

कई लोगों की आदत होती है कि वे बार-बार तेजी से एक्सेलरेटर दबाते हैं और अचानक ब्रेक लगाते हैं। इस तरह की ड्राइविंग से इंजन को बार-बार अतिरिक्त ताकत लगानी पड़ती है, जिससे पेट्रोल ज्यादा खर्च होता है। ट्रैफिक में एग्रेसिव ड्राइविंग न केवल माइलेज घटाती है, बल्कि इंजन और ब्रेक सिस्टम पर भी असर डालती है।

लंबे समय तक इंजन चालू रखना

कई लोग ट्रैफिक सिग्नल, पार्किंग या किसी का इंतजार करते समय लंबे समय तक कार का इंजन चालू रखते हैं। इसे आइडलिंग कहा जाता है। इस दौरान गाड़ी खड़ी रहती है लेकिन इंजन लगातार पेट्रोल खर्च करता रहता है। अगर गाड़ी कुछ मिनटों से ज्यादा समय तक खड़ी रहने वाली हो, तो इंजन बंद कर देना बेहतर माना जाता है।

सही समय पर गियर न बदलना

गलत गियर में गाड़ी चलाना भी पेट्रोल की ज्यादा खपत का बड़ा कारण बन सकता है। कम स्पीड में ऊंचे गियर या ज्यादा स्पीड में लो गियर इस्तेमाल करने से इंजन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इससे कार को ज्यादा ईंधन की जरूरत पड़ती है। सही गति पर सही गियर का इस्तेमाल करने से इंजन स्मूद तरीके से काम करता है और माइलेज बेहतर रहता है।

टायर प्रेशर की अनदेखी करना

कम या ज्यादा टायर प्रेशर भी माइलेज पर असर डाल सकता है। अगर टायर में हवा कम हो, तो सड़क पर फ्रिक्शन बढ़ जाता है और इंजन को गाड़ी चलाने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इससे पेट्रोल की खपत बढ़ सकती है। इसलिए समय-समय पर टायर प्रेशर की जांच करवाना जरूरी माना जाता है। सही टायर प्रेशर न केवल माइलेज सुधारता है, बल्कि ड्राइविंग को भी सुरक्षित बनाता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article