ऑटो न्यूज़

कब बदलना चाहिए इंजन ऑयल, क्या है सही समय और कैसे पहचानें संकेत

कार का इंजन ऑयल ही इंजन को सुरक्षित, स्मूथ और लंबे समय तक चलने योग्य बनाता है। ऐसे में समय-समय पर इंजन ऑयल बदलने की सलाह दी जाती है। कई बार इंजन ऑयल खराब होने पर गाड़ी में इसके संकेत मिलने लगते हैं, जिन पर ध्यान दिया जाना बेहद जरूरी है।

Image

When to change car engine oil (Photo : iStock)

अगर आप कार ड्राइव करते हैं तो यह भी जानकारी होगी कि इंजन की परफॉर्मेंस और लाइफ के लिए इंजन ऑयल को समय पर बदलना बेहद जरूरी होता है। हालांकि, सवाल यह आता है कि कार में इंजन ऑयल कितने किलोमीटर की दूरी तय कर लेने के बाद बदलना चाहिए।

कब बदलना चाहिए इंजन ऑयल

अधिकतर पेट्रोल कार में इंजन ऑयल को 5,000 से 10,000 किलोमीटर के बीच बदलने की सलाह दी जाती है। वहीं, डीजल कार में यह दूरी 7,000 से 10,000 किलोमीटर के बीच हो सकती है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि आज के समय की मॉडर्न कार में इस्तेमाल होने वाला फुली सिंथेटिक ऑयल 10,000 से 15,000 किलोमीटर तक भी काम कर जाता है। यह अंतराल कार के मॉडल, इंजन और ऑयल की क्वालिटी पर भी निर्भर करता है।

कब खराब होता है इंजन ऑयल

अगर आप अपनी कार को अक्सर धूल-मिट्टी वाले इलाकों में चलाते हैं या शहर के ट्रैफिक में दौड़ाते हैं तो इंजन ऑयल कुछ जल्दी खराब हो सकता है। इसी तरह, छोटे सफर और ज्यादा स्टार्ट-स्टॉप ड्राइविंग की स्थिति में भी इंजन को कंपनी द्वारा बताए गए किलोमीटर से कुछ जल्दी बदलने की सलाह दी जाती है।

इंजन ऑयल खराब होने के संकेत

कार का इंजन ऑयल खराब होने पर कुछ संकेतों पर ध्यान दिया जा सकता है। अगर कार के इंजन से आवाज आ रही हो, माइलेज को लेकर फर्क महसूस कर रहे हों, इंजन ज्यादा गर्म हो रहा हो या डैशबोर्ड पर ऑयल वार्निंग लाइट जल रही हो तो यह इंजन ऑयल खराब होने के संकेत माने जा सकते हैं।

कैसे चुनें साफ इंजन ऑयल

कार चालकों को वाहन निर्माता कंपनी द्वारा सुझाया गया ग्रेड और टाइप (मिनरल, सेमी-सिंथेटिक या फुली सिंथेटिक) ही इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है। क्योंकि गलत ऑयल इंजन की परफॉर्मेंस को खराब कर सकता है और वारंटी पर भी असर डाल सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article