टाटा सफारी भारत में एसयूवी सेगमेंट की सबसे लोकप्रिय कारों में से एक है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत लगभग 14 लाख रुपए से शुरू होकर 24 लाख रुपए तक जाती है। यह कीमत मॉडल और वेरिएंट के अनुसार अलग-अलग है। अगर आप भी एक नई कार खरीदकर घर लाने की योजना बना रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। इस आर्टिकल में आपको यही बताने जा रहे हैं कि ईएमआई पर टाटा सफारी कार खरीदने के लिए आपकी मंथली सैलरी कितनी होना जरूरी है-
कितनी देनी होगी मंथली ईएमआई
मान लिजिए आप टाटा सफारी का Base Model (Smart) खरीदना चाहते हैं। आमतौर पर बैंक 80–85% तक लोन देते हैं। 20-15 % डाउन पेमेंट में जाता है। यानी आप मान सकते हैं कि आप 3.20 लाख-3.60 लाख रुपए की डाउन पेमेंट करने के बाद 12.80 लाख-13.40 लाख रुपए का ऑटो लोन लेंगे। बैंक या फाइनेंस कंपनियां 9–12% वार्षिक ब्याज दर पर 5 साल की अवधि में कार लोन देती हैं। इस स्थिति में आपके लिए ईएमआई लगभग 33,000–35,000 प्रति माह हो सकती है।
कितनी होनी चाहिए मंथली सैलरी
ईएमआई का अनुमान लगाने के बाद यह देखना जरूरी है कि आपकी मासिक सैलरी ईएमआई और अन्य खर्चों को संभाल सके। फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स के अनुसार, आपकी कुल मासिक आय का अधिकतम 30–40% ईएमआई पर खर्च होना चाहिए। इसका मतलब यह है कि 33,000 रुपए की ईएमआई के लिए आपकी मंथली सैलरी कम से कम 90,000 रुपए से 1,00,000 रुपए होनी चाहिए।
इसके अलावा कार रखने के लिए कई अन्य खर्च को भी पहले ही ध्यान में रखना जरूरी है-
- बीमा: टाटा सफारी की कार इंश्योरेंस लगभग 40,000–60,000 रुपए प्रति वर्ष हो सकती है।
- रखरखाव और सर्विस: रखरखाव और सर्विस की खर्च भी सालाना लगभग 15,000–20,000 रुपए मान कर चलना होगा।
- पेट्रोल/डीजल खर्च: टाटा सफारी पेट्रोल या डीजल वेरिएंट के हिसाब से महीने में लगभग 8,000–12,000 रुपए का खर्च मान सकते हैं।
- रजिस्ट्रेशन और रोड टैक्स: रजिस्ट्रेशन और रोड टैक्स की बात करें तो यह पहली बार कार खरीदते समय 1.5–2 लाख रुपए के बीच आता है।
इन सभी खर्चों को जोड़कर देखा जाए, तो मासिक बजट में ईएमआई के अलावा लगभग 50,000–60,000 और भी खर्च होने की संभावना है। ऐसे में कार लेने से पहले अपनी मासिक आय और बचत का सही आकलन करना बहुत जरूरी है।
