ऑटो न्यूज़

ADAS टेक्नोलॉजी क्या है, सड़क पर जान बचाने में कैसे आती है काम

आज कल मॉडर्न कार में ADAS यानी एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम्स (Advanced Driver Assistance Systems) की सुविधा मिलती है। इसका उद्देश्य ड्राइवर की मदद करना और सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं को कम करना है। यह टेक्नोलॉजी सेंसर, कैमरा और रडार की सहायता से गाड़ी के आसपास के माहौल पर नजर रखती है।

Advanced driver assistance system

ADAS टेक्नोलॉजी क्या है (Photo: iStock)

आपने अक्सर किसी भी कार के फीचर्स में ADAS टेक्नोलॉजी का जिक्र होता हुआ जरूर पाया होगा। कार निर्माता कंपनी किसी भी गाड़ी के की हाइलाइट्स में भी सेफर ड्राइविंग के लिए इस फीचर की जानकारी देना नहीं भूलती। लेकिन यह टेक्नोलॉजी क्या है और कैसे काम करती है यह सवाल आपके जेहन में भी आता होगा। आइए, सड़क पर आपकी सुरक्षा से जुड़ी इस टेक्नोलॉजी के बारे में जानते हैं।

क्या है ADAS टेक्नोलॉजी

ADAS यानी एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम्स (Advanced Driver Assistance Systems) जो कि गाड़ी में एक एडवांस्ड व्हीकल सेफ्टी टेक्नोलॉजी है। इस टेक्नोलॉजी का उद्देश्य कार ड्राइविंग के दौरान कार चालक की मदद करना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है।

कैसे काम करती है टेक्नोलॉजी

नई कारों में महत्वपूर्ण फीचर बनती जा रही ADAS टेक्नोलॉजी एक खास तरह से काम करती है। यह टेक्नोलॉजी गाड़ी को पूरी तरह से ऑटोमैटिक तो नहीं बनाती, लेकिन ड्राइवर को दुर्घटना की किसी स्थिति को लेकर समय से पहले चेतावनी देने का काम करती है। इतना ही नहीं, जरूरत पड़ने पर सुरक्षित ड्राइविंग भी खुद ही सुनिश्चित करती है। ADAS टेक्नोलॉजी कैमरा, रडार, अल्ट्रासोनिक सेंसर और लिडार जैसी मॉडर्न टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करती है। ये सभी सेंसर गाड़ी के आसपास के माहौल पर लगातार नजर रखते हैं। यह सिस्टम सामने चल रहे वाहन, पैदल यात्री, लेन मार्किंग, सड़क के संकेत और बाधाओं की जानकारी रियल-टाइम में इकट्ठा करता है और कंप्यूटर सिस्टम के जरिए इन जानकारियों का विश्लेषण करता है।

ड्राइवर को तुरंत मिलता है अलर्ट

अब सवाल यह है कि किसी भी संभावित खतरे का अंदेशा होने पर यह टेक्नोलॉजी ड्राइवर को किस तरह अलर्ट करती होगी। दरअसल, ड्राइवर को दिया जाने वाला यह अलर्ट आवाज, स्क्रीन पर संकेत या स्टीयरिंग वाइब्रेशन के रूप में हो सकता है। इसके अलावा, कुछ स्थितियों में अगर ड्राइवर प्रतिक्रिया देने में असमर्थ रहता है तो ADAS टेक्नोलॉजी अपने-आप ब्रेक लगाना, स्टीयरिंग को हल्का मोड़ना या एक्सेलेरेशन को सीमित करना जैसे कदम भी उठा सकती है।

ड्राइवर को अतिरिक्त सुरक्षा

ADAS के प्रमुख फीचर्स की बात करें तो इसमें ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग (AEB), लेन डिपार्चर वार्निंग, लेन कीप असिस्ट, एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग और फॉरवर्ड कॉलिजन वार्निंग शामिल हैं। ये सभी फीचर्स अलग-अलग परिस्थितियों में ड्राइवर को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करते हैं।

शिवानी कोटनाला
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article