Volkswagen New Compact SUV: फोक्सवैगन बहुत जल्द ग्लोबल मार्केट में बिल्कुल नई कॉम्पैक्ट एसयूवी का डेब्यू करने वाली है, इसकी जगह टाइगुन के नीचे की होगी। कंपनी ने दुनिया के सामने पेश करने से पहले इस एसयूवी का टीजर जारी कर दिया है। इस नई एसयूवी को सबसे पहले ब्राजील के बाजार में पेश किया जाएगा, इसके बाद दुनिया भर में इसकी बिक्री शुरू की जाएगी। फिलहाल इसे फोक्सवैगन एओ कोडनेम से जाना जा रहा है, हालांकि कंपनी लॉन्च के समय इसे फौक्सवैगन येह के नाम से लॉन्च कर सकती है। आने वाले कुछ ही दिन में इसका प्रोटोटाइप ब्राजील में पेश किया जाएगा।
इस प्लेटफॉर्म पर बनी एसयूवी!
फोक्सवैगन इस कॉम्पैक्ट एसयूवी को नए एमक्यूबी-ए0 प्लेटफॉर्म पर तैयार कर रही है। इसी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल ग्लोबल मार्केट में बिक रही कई अन्य कारों में भी किया गया है जिसमें मौजूदा जनरेशन वाली पोलो, नाइवस एसयूवी और टी-क्रॉस शामिल हैं। ये फोक्सवैगन इंडिया द्वारा तैयार एमक्यूबी-ए0-इन प्लैटफॉर्म जैसा ही है जिसे कंपनी ने टाइगुन, वर्टस, कुशक और स्लाविया में इस्तेमाल किया है। इसके अलावा आगामी स्कोडा केलक एसयूवी के साथ भी यही प्लेटफॉर्म दिया जाने वाला है।
कितनी खास होगी नई एसयूवी
फोक्सवैगन की नई कॉम्पैक्ट एसयूवी का व्हीलबेस करीब 2.5 मीटर होने वाला है, यानी इसकी लंबाई भी करीब-करीब 4 मीटर के आस-पास होगी। इस कॉम्पैक्ट एसयूवी का स्टाइल और डिजाइन कंपनी की बाकी एसयूवी से मिलता-जुलता होगा जो कुछ बॉक्सी होने वाला है। इसके अगला और पिछला हिस्सा एलईडी लैंप्स से लैस होगा, वहीं बाकी कारों जैसी ग्रिल भी देखने को मिलेगी। हालांकि इसकी छत कूपे जैसी स्टाइल की होगी, वहीं पिछले हिस्से में कनेक्टेड एलईडी टेलबार मिलेगा।
