VinFast भारत में लॉन्च करेगी इलेक्ट्रिक स्कूटर, EV सेगमेंट में बढ़ेगी कांटे की टक्कर!
- Authored by: रिचा त्रिपाठी
- Updated Jan 26, 2026, 11:31 AM IST
वियतनाम की दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी विनफास्ट (VinFast) ने भारतीय बाजार में एंट्री करने का ऐलान कर दिया है। कंपनी साल 2026 की दूसरी छमाही तक अपने खास इंडिया-स्पेसिफिक इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करेगी। इसके लिए विनफास्ट तमिलनाडु में एक विशाल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट भी बना रही है, जहाँ सालाना 10 लाख यूनिट्स बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
Vinfast EV
वियतनाम की दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी विनफास्ट (Vinfast) भारतीय बाजार में एक बड़ा धमाका करने की तैयारी में है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि वह साल 2026 की दूसरी छमाही तक भारत में अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करेगी। विनफास्ट की यह योजना भारतीय टू-व्हीलर मार्केट की तस्वीर बदल सकती है, क्योंकि कंपनी केवल गाड़ियां बेचने नहीं, बल्कि भारत को अपना एक बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के इरादे से कदम रख रही है।
विनफास्ट की इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके स्कूटर ग्लोबल मार्केट के कॉपी-पेस्ट मॉडल नहीं होंगे। कंपनी के एशिया सीईओ फाम सान चाऊ के मुताबिक, ये इलेक्ट्रिक स्कूटर खास तौर पर भारतीय ग्राहकों और भारतीय सड़कों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किए जा रहे हैं। पिछले एक साल में कंपनी ने भारत में व्यापक रिसर्च की है, ताकि यह समझा जा सके कि यहाँ के लोग कितनी दूरी तय करते हैं, यहाँ का इंफ्रास्ट्रक्चर कैसा है और ग्राहकों की जेब पर कितना असर पड़ेगा। इसका सीधा संकेत है कि आने वाले स्कूटर किफायती और आम जनता की पहुंच (Affordable) वाले होंगे।
कहां लगेगी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट?
उत्पादन के मोर्चे पर विनफास्ट ने बेहद महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। कंपनी तमिलनाडु में अपनी विशाल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट तैयार कर रही है। हालांकि कंपनी का फोर-व्हीलर प्लांट 1,50,000 यूनिट्स की सालाना क्षमता के साथ तैयार हो रहा है, लेकिन टू-व्हीलर बिजनेस को इससे कहीं बड़े पैमाने पर ले जाने की योजना है। विनफास्ट का लक्ष्य भविष्य में सालाना 10 लाख (वन मिलियन) इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने की क्षमता हासिल करना है। इसके लिए तमिलनाडु प्लांट में एक पूरी तरह से समर्पित और अलग प्रोडक्शन लाइन बनाई जाएगी।
इन कंपनियों को मिलेगी टक्कर
लागत को कम रखने और बाजार में मजबूती से टिकने के लिए विनफास्ट 'लोकल' (Localisation) पर जोर दे रही है। कंपनी पहले से ही भारतीय सप्लायर्स के साथ बातचीत कर रही है ताकि बैटरी और अन्य जरूरी पुर्जे भारत में ही बनाए जा सकें। इससे न केवल स्कूटर की कीमतें कम होंगी, बल्कि कंपनी भारत सरकार की PLI (प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव) और PM E-DRIVE जैसी योजनाओं का लाभ उठाने की भी कोशिश कर रही है। लोकल मैन्युफैक्चरिंग से विनफास्ट को ओला इलेक्ट्रिक, टीवीएस और बजाज जैसे स्थापित खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर देने में मदद मिलेगी।