MG Comet Electric Car: एमजी मोटर इंडिया बहुत जल्द अपनी सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार भारत में लॉन्च करने वाली है और अब कंपनी ने इसके नाम का ऐलान कर दिया है. एमजी कॉमेट नाम से नई छोटे साइज की कार देश में टाटा टिआगो ईवी और हालिया लॉन्च सिट्रॉएन ई-सी3 से मुकाबला करेगी. एमजी मोटर इंडिया के प्रेसिडेंट और एमडी राजीव छाबा ने कुछ समय पहले ये जानकारी दी थी, कि आगामी एमजी इलेक्ट्रिक कार की कीमत 10-12 लाख रुपये के बीच हो सकती है. देश की सड़कों पर इस मिनी इलेक्ट्रिक कार की टेस्टिंग शुरू कर दी गई है और इसे 2023 के मध्य तक लॉन्च किया जा सकता है.
एमजी कॉमेट देश में टाटा टिआगो ईवी और हालिया लॉन्च सिट्रॉएन ई-सी3 से मुकाबला करेगी.
कार में होंगे सिर्फ दो दरवाजे!
पिछले साल एमजी ने ऐलान किया था कि भारत में एंट्री-लेवल इलेक्ट्रिक कार लॉन्च की जाएगी जिसकी कीमत 10-15 लाख रुपये के बीच होगी. नई कार वुलिंग एयर ईवी पर आधारित है और हाल में इसे इंडोशिया में पेश किया गया है. ये कार ऑल्टो से भी कम व्हीलबेस के साथ मार्केट में आने वाली है और संभावित रूप से ये दो दरवाजों वाला मॉडल होगा. इसका व्हीलबेस 2,010 मिमी है और ये कार 2.9 मीटर लंबी है. इसे 12-इंट के छोटे पहिये दिए गए हैं और इसके साथ अलॉय व्हील्स भी विकल्प में मिल सकते हैं.
पैसा वसूल फीचर्स मिल सकते हैं
एमजी मोटर इंडिया नई छोटी इलेक्ट्रिक कार के केबिन में इंफोटेनमेंट और इंस्ट्रूमेंटेशन के लिए दो अलग-अलग स्क्रीन दे सकती है. जानकारी के मुताबिक इस इलेक्ट्रिक कार के टॉप वेरिएंट में पैसा वसूल फीचर्स मिलने वाले हैं. दिलचस्प है कि एमजी इंडिया इस ईवी में भारतीय निर्माता टाटा ऑटोकॉम्प से बैटरी लेकर लगाएगी जिससे ईवी की कीमत को बजट में रखा जा सके. कयास लगाए जा रहे हैं कि ये बैटरी पैक कार को लंबी रेंज देगा. लग रहा था कि एमजी इंडिया ऑटो एक्सपो में नई मिनी ईवी पेश करेगी, लेकिन इसे अब 2023 के मध्य तक इसे लॉन्च किया जाएगा.
