ऑटो न्यूज़

नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने वाली है TVS, टीजर में दिखा बहुत कुछ

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Aug 22, 2023, 11:52 AM IST

TVS Motor Company 23 अगस्त को दुबई में नए Electric Scooter से पर्दा हटाने वाली है जिसका टीजर जारी कर दिया गया है। इस टीजर में ईवी का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर नजर आया है जिससे काफी सारी जानकारी मिल गई है।

Image

स्क्रीन के बगल में कई सारे वार्निंग लाइट्स भी नजर आ रहे हैं।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • नया इलेक्ट्रिक स्कूटर ला रही TVS
  • 23 अगस्त को दुबई में हटेगा पर्दा
  • कंपनी ने जारी किया नया टीजर

TVS New Electric Scooter: टीवीएस मोटर कंपनी जल्द मार्केट में नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लाने वाली है जिससे 23 अगस्त को दुबई में पर्दा हटाया जाने वाला है। माना जा रहा है कि नए स्कूटर के पुर्जे बीएमडब्ल्यू की सीई 02 से लिए जाएंगे जिसका डेवेलपमेंट भी टीवीएस द्वारा ही किया जा रहा है। कंपनी ने हाल में नए इलेक्ट्रिक स्कूटर का टीजर अपने सोशल मीडिया पर जारी किया है जिसमें हाइटेक टीएफटी स्क्रीन दिखाई दिया है। इसमें सॉनिक नजर आ रहा है जो इलेक्ट्रिक स्कूटर का तेज रफ्तार वाला राइडिंग मोड है। इसके अलावा स्क्रीन के बगल में कई सारे वार्निंग लाइट्स भी नजर आ रहे हैं।

खूब बिक रही है आईक्यूब

टीवीएस पहले से भारतीय मार्केट में आईक्यूब इलेक्ट्रिक स्कूटर बेच रही है जिसे ग्राहकों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है। इसकी जोरदार बिक्री का ही प्रभाव है कि कंपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर स्पेस में नया मॉडल लॉन्च करने वाली है। नए टीजर में टीएफटी स्क्रीन पर 60 प्रतिशत बैटरी बची होने के साथ 63 किमी रेंज की जानकारी भी दी गई है, इससे साफ होता है कि ईवी को स्पोर्ट मोड में करीब 100 किमी तक चलाया जा सकता है। यानी इकोनॉमी मोड में इसकी रेंज करीब 150 किमी तक मिलने की संभावना है।

क्रेऑन हो सकता है नाम

ऑटो एक्सपो 2018 में टीवीएस मोटर कंपनी ने क्रेऑन इलेक्ट्रिक स्कूटर शोकेस किया था, अब कंपनी इसी नाम से बाजार में नई ईवी उतार सकती है। बीएमडब्ल्यू सीई 02 से तुलना करें तो 15 एचपी ताकत के साथ इसकी टॉप स्पीड 95 किमी/घंटा है, वहीं इसकी रेंज 90 किमी/चार्ज होने का दावा किया गया है। नए इलेक्ट्रिक स्कूटर के साथ स्मार्टवॉच कनेक्टिविटी जैसे कई अन्य फीचर्स भी मिल सकते हैं। कंपनी इस इलेक्ट्रिक स्कूटर के अलावा मार्केट में बहुत जल्द नई मोटरसाइकिल भी लॉन्च करने वाली है जो नई अपाचे आरटीआर 310 हो सकती है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article