TVS Jupiter CNG: भारत मोबिलिटी एक्सपो 2025 (Auto Expo 2025) का आगाज हो चुका है और भारत को CNG से चलने वाला पहला स्कूटर भी मिल चुका है। हाल ही में जानी-मानी बाइक एवं स्कूटर निर्माता कंपनी TVS ने ऑटो एक्सपो 2025 में जुपिटर CNG स्कूटर (TVS Jupiter CNG) पेश किया है। यह स्कूटर CNG के साथ-साथ पेट्रोल से भी चलेगा। गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही दुनिया की पहली CNG बाइक बजाज मोटर्स द्वारा पेश की गई थी। अब भारत की तरफ से दुनिया का पहला CNG से चलने वाला स्कूटर भी पेश किया जा चुका है। आइये TVS जुपिटर CNG के खास फीचर्स के बारे में जानते हैं।
TVS जुपिटर CNG: इंजन और ताकत
कंपनी का दावा है कि TVS जुपिटर CNG एक किलो CNG में 84 किलोमीटर तक की माइलेज ऑफर करेगा। इंजन की बात करें तो इस CNG स्कूटर में 124.8cc का सिंगल सिलेंडर इंजन ऑफर किया जाएगा जो 7.2 हॉर्सपावर और 9.4nm का टॉर्क जनरेट करेगा। TVS जुपिटर का पेट्रोल वेरिएंट 8.1 हॉर्सपावर और 10.1nm का टॉर्क जनरेट करता है। TVS जुपिटर CNG में सीट के नीचे कोई स्टोरेज स्पेस नहीं है क्योंकि यहीं CNG टैंक फिट किया गया है।
TVS जुपिटर: फीचर्स, संभावित लॉन्च और कीमत
TVS जुपिटर CNG के फीचर्स की बात करें तो यह जुपिटर 125 पेट्रोल वेरिएंट वाले फीचर्स से ही लोडेड है। इसमें भी आपको डिजि-एनालॉग मीटर ऑफर किया गया है। जुपिटर CNG के लॉन्च को लेकर अभी कुछ भी साफ नहीं है। कीमत की बात करें तो पेट्रोल वाले TVS जुपिटर 125 की कीमत भारत में 79,540 रुपये से 90,540 रुपये के बीच है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें TVS जुपिटर CNG की संभावित कीमत पेट्रोल वेरिएंट जितनी ही या इससे थोड़ी ज्यादा हो सकती है।
