TVS iQube: TVS जानी मानी भारतीय दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी है। हाल ही में TVS के पॉपुलर इलेक्ट्रिक स्कूटर iQube की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस वीडियो में स्कूटर का फ्रेम टूटा हुआ नजर आ रहा था और यह वीडियो खुद कस्टमर ने शिकायत करने के लिए बनाई थी, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। अब TVS ने iQube इलेक्ट्रिक स्कूटर की कुछ यूनिट्स को जांच के लिए वापस मंगवाने का फैसला किया है।
किन यूनिट्स को मंगवाया जाएगा वापस
TVS ने जानकारी साझा करते हुए बताया है कि 10 जुलाई 2023 से लेकर 9 सितंबर 2023 के बीच बनाई गई TVS iQube की यूनिट्स को वापस मंगवाया जायेगा। वापस मंगवाई गई TVS iQube की यूनिट्स की ब्रिज ट्यूब चेक की जाएगी। कंपनी का कहना है कि लंबे समय तक स्कूटर के इस्तेमाल के दौरान किसी तरह की समस्या न हो इसके लिए स्कूटर की जांच की जाएगी।
नहीं लगेगा एक भी पैसा
कंपनी ने यह भी बताया है कि इस मामले से संबंधित कस्टमर्स से कंपनी या फिर डीलर खुद संपर्क करेंगे। स्कूटर के फ्रेम में किसी भी तरह की रिपेयरिंग या फिर किसी पार्ट को बदलने के लिए कस्टमर्स से किसी भी तरह का कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया है कि कितनी यूनिट्स को वापस मंगवाया जाएगा। आपको बता दें कि TVS iQube, भारत के सबसे पॉपुलर इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में से एक है और इस स्कूटर में 2.2 किलोवाट से 5.5 किलोवाट बैटरी वाले ऑप्शन भी मौजूद हैं।
