Toyota Innova Hycross 1 Lakh Sales: टोयाटा किर्लोसकर मोटर ने भारतीय मार्केट में एक और मील का पत्थर कायम किया है। टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस को अपर मिडिल क्लास खूब पसंद कर रहा है और ये प्रीमियम एमपीवी अब तक 1 लाख घरों में अपनी जगह बना चुकी है। इसे नवंबर 2022 में पहली बार लॉन्च किया गया था और इस बजट में ये बहुत आरामदायक कार है। इसे जोरदार स्टाइल और डिजाइन दिया गया है जो शहरी इलाकों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी खूप खरीदी जाती है। टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत जो टॉप मॉडल के लिए 30.98 लाख रुपये तक जाती है।
हाल में आया नया वेरिएंट
टोयोटा ने भारतीय मार्केट में बहुत पॉपुलर इनोवा हाइक्रॉस का नया जीएक्स ओ वेरिएंट्स लॉन्च कर दिया है। इनोवा हाइक्रॉस जीएक्स ओ को 7 और 8-सीटर विकल्पों में पेश किया गया है, इनकी दोनों की एक्सशोरूम कीमत क्रमश: 21,13,000 रुपये और 20,99,000 रुपये रखी गई है। कंपनी ने पहले ही 50,000 रुपये टोकन के साथ इसकी बुकिंग लेना शुरू कर दिया है। बता दें कि 8 सीटर वेरिएंट के बीच की कतार में बेंच सीट मिली है, इसी वजह से कीमत कम है। 7—सीटर वेरिएंट के बीच में कैप्टन सीट्स मिलती है, इसी के चलते कीमत कुछ ज्यादा रखी गई है।
हाइटेक फीचर्स से लोडेड एमपीवी
नई टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस के साथ हाइटेक केबिन दिया गया है जो टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम से लैस है, ये एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी वाला है। इंटीरियर बहुत खूबसूरत है और यहां पावर्ड टेलगेट, मूड लाइटिंग, कैप्टन सीट्स वाला 6-सीटर वेरिएंट, पैनोरमिक सनरूफ, छत पर लगे एसी वेंट्स और कलर्ड एमआईडी के साथ आया नया इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी दिया गया है। सबसे बड़े फीचर्स में एडीएएस शामिल है। एमपीवी के साथ 6 एयरबैग्स दिए गए हैं और भारत में टोयोटा की ये पहली गाड़ी है जिसे ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम मिला है।
कितना दमदार है हाइब्रिड इंजन
नई इनोवा हाइक्रॉस के सबसे बड़े बदलावों में मुख्य रूप से इसका नया पेट्रोल हाइब्रिड इंजन शामिल है। जहां इस एमपीवी का डीजल वेरिएंट लंबे समय से ग्राहकों की पहली पसंद बना हुआ है, वहीं कंपनी ने नई इनोवा के साथ डीजल विकल्प ही नहीं दिया है। इसके साथ बिल्कुल नए 2.0-लीटर पेट्रोल और 2.0-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन दिए गए हैं। एआरएआई की मानें तो ये कार 21.1 किमी/लीटर माइलेज देती है। मतलब एक बार फुल टैंक कराने पर एमपीवी को 1,097 किमी तक चलाया जा सकता है।
