Toyota Innova Hycross Hybrid Waiting:टोयोटा इंडिया ने कुछ समय पहले नई इनोवा हाइक्रॉस लॉन्च की है जिसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 18.30 लाख रुपये है. टॉप मॉडल के लिए ये कीमत 28.97 लाख रुपये है. स्टैंडर्ड मॉडल की कीमत 19.20 लाख रुपये तक जाती है, वहीं हाइब्रिड वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 24.01 लाख रुपये से शुरू होती है. ये पहली बार है जब नई जनरेशन इनोवा के साथ कंपनी ने हाइब्रिड इंजन दिया है, इसके अलावा MPV के साथ टोयोटा ने डीजल इंजन का विकल्प ही नहीं दिया है. धाकड़ लुक वाली नई इनोवा हाइक्रॉस को आरामदायक केबिन के साथ हाइटेक फीचर्स मिले हैं.
हाइब्रिड वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 24.01 लाख रुपये से शुरू होती है.
हाइब्रिड वेरिएंट पर 1 साल वेटिंग
टोयोटा ने नई MPV को दो पेट्रोल और 3 हाइब्रिड वेरिएंट्स में पेश किया गया है. इसके हाइब्रिड वेरिएंट पर अब ग्राहकों को 1 साल तक वेटिंग दी जा रही है, वहीं इसके निचले वेरिएंट्स पर फिलहाल 10 महीना वेटिंग चल रही है. स्टाइल और डिजाइन के मामले में ये जोरदार गाड़ी है जिसके अगले हिस्से में चौड़ी ग्रिल और इसके दोनों ओर एलईडी हेडलैंप्स और डीआरएल दिए गए हैं. अगले-पिछले हिस्से में दमदार बंपर्स दिए गए हैं जो चौड़े इंटेक्स के साथ आए हैं. इनोवा हाइक्रॉस को झुकती हुई छत दी गई है जो इसे ठेठ MPV वाला लुक देती है.
फीचर्स के मामले में जोरदार
नई टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस के साथ हाइटेक केबिन दिया गया है जो टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम से लैस है, ये एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी वाला है. इंटीरियर बहुत खूबसूरत है और यहां पावर्ड टेलगेट, मूड लाइटिंग, कैप्टन सीट्स वाला 6-सीटर वेरिएंट, पैनोरमिक सनरूफ, छत पर लगे एसी वेंट्स और कलर्ड एमआईडी के साथ आया नया इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी दिया गया है. सबसे बड़े फीचर्स में एडीएएस शामिल है. MPV के साथ 6 एयरबैग्स दिए गए हैं और भारत में टोयोटा की ये पहली गाड़ी है जिसे ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम मिला है.
कितना दमदार है हाइब्रिड इंजन
नई इनोवा हाइक्रॉस के सबसे बड़े बदलावों में मुख्य रूप से इसका नया पेट्रोल हाइब्रिड इंजन शामिल है. जहां इस MPV का डीजल वेरिएंट लंबे समय से ग्राहकों की पहली पसंद बना हुआ है, वहीं कंपनी ने नई इनोवा के साथ डीजल विकल्प ही नहीं दिया है. इसके साथ बिल्कुल नए 2.0-लीटर पेट्रोल और 2.0-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन दिए गए हैं. एआरएआई की मानें तो ये कार 21.1 किमी/लीटर माइलेज देती है, इसका मतलब ये है कि एक बार फुल टैंक कराने पर MPV को 1,097 किमी तक चलाया जा सकता है.
