Toyota Fortuner Price Hike: भारतीय मार्केट में अपर मिडिल क्लास से लेकर नेता-मंत्रियों तक को जो एसयूवी पसंद आती है वो टोयोटा फॉर्च्यूनर है। कंपनी ने हाल में इस प्रीमियम एसयूवी की कीमत में 44,000 से 70,000 रुपये तक बढ़ोतरी की है। त्योहारों के सीजन में बंपर बिक्री से ठीक पहले कंपनी ने इस फुल साइज एसयूवी की कीमत बढ़ा दी है जिसके बाद इसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 33.43 लाख रुपये हो गई है। यहां टोयोटा फॉर्च्यूनर के 2 व्हील ड्राइव पेट्रोल और डीजल वेरिएंट्स की कीमत में 44,000 रुपये का इजाफा हुआ है, वहीं सभी 4 व्हील ड्राइव वेरिएंट्स के दाम 70,000 रुपये तक बढ़ाए गए हैं।
SUV की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 33.43 लाख रुपये हो गई है।
किस वेरिएंट की कीमत कितनी
टोयोटा फॉर्च्यूनर 4 बाय 2 वेरिएंट्स में पेट्रोल मैनुअल और पेट्रोल एएमटी के साथ डीजल मैनुअल और डीजल एएमटी वेरिएंट शामिल हैं। इन दोनों की कीमत 44,000 रुपये तक बढ़ाई गई है। इसके अलावा 4 बाय 4 यानी 4-व्हील ड्राइव वेरिएंट की कीमत 70,000 रुपये बढ़ गई है। अब 4 बाय 4 डीजल मैनुअल की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 40.03 लाख रुपये हो गई है, वहीं 4 बाय 4 डीजल ऑटोमैटिक वेरिएंट के लिए अब ग्राहकों को 42.32 लाख रुपये अदा करने होंगे।
कितना महंगा है टॉप मॉडल
टोयोटा किर्लोसकर मोटर्स ने फॉर्च्यूनर के जीआर-एस वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 70,000 रुपये बढ़ाकर 51.44 लाख रुपये कर दी है। ये एसयूवी काफी दमदार है जिसके साथ 2.7-लीटर का नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है। इसके अलावा 2.8-लीटर डीजल इंजन विकल्प भी यहां मिलता है। पेट्रोल इंजन जहां 164 बीएचपी ताकत और 245 एनएम पीक टॉर्क बनाता है, वहीं डीजल इंजन 201 बीएचपी ताकत और 500 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। ये दोनों इंजन विकल्प मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से लैस हैं।
