कई लोगों के लिए लग्जरी कार का मालिक होना एक सपना होता है। देश में अक्सर सेलिब्रिटी और बड़े कारोबारी अपनी महंगी कारों और खास वीआईपी नंबर प्लेट्स की वजह से सुर्खियों में रहते हैं। महेंद्र सिंह धोनी, शाहरुख खान और मुकेश अंबानी जैसे दिग्गजों की गाड़ियों के खास नंबर प्लेट्स के बारे में तो आपने सुना ही होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत की सबसे महंगी नंबर प्लेट इनमें से किसी के पास नहीं, बल्कि केरल के एक टेक कंपनी सीईओ के पास है।
Litmus7 के हैं सीईओ
केरल के रहने वाले वेनु गोपालकृष्णन, जो कि Litmus7 कंपनी के सीईओ हैं, ने हाल ही में अपनी कार कलेक्शन में एक नई लग्जरी कार जोड़ी है। उन्होंने करीब 4 करोड़ रुपये की कीमत वाली Lamborghini Urus Performante खरीदी है, हालांकि चर्चा कार से ज्यादा उसकी नंबर प्लेट की हो रही है।
देश का सबसे महंगा नंबर प्लेट
इस कार का रजिस्ट्रेशन नंबर KL 07 DG 0007 है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वेनु ने इस यूनिक नंबर प्लेट के लिए 45.99 लाख रुपये चुकाए हैं, जो अब तक का देश का सबसे महंगा नंबर प्लेट माना जा रहा है। यह खरीदारी केरल में इतिहास बन गई है क्योंकि अब तक राज्य में किसी भी गाड़ी की रजिस्ट्रेशन प्लेट के लिए इतनी बड़ी बोली नहीं लगी थी।
ऑनलाइन नीलामी में जीता नंबर
7 अप्रैल 2025 को केरल मोटर व्हीकल्स डिपार्टमेंट ने एक ऑनलाइन नीलामी आयोजित की थी। इसी नीलामी में Litmus7 Systems Consulting Pvt. Ltd. के संस्थापक और सीईओ वेनु गोपालकृष्णन ने यह बेहद चर्चित 0007 नंबर हासिल किया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने कहा कि जितने में एक नंबर प्लेट खरीदी गई है, उतने में तो एक फ्लैट आ जाता।
25,000 रुपये से शुरू हुई बोली
इसकी बोली 25,000 रुपये से शुरू हुई थी, लेकिन देखते-ही-देखते यह लाखों में पहुंच गई और अंततः रिकॉर्ड तोड़ते हुए लगभग 46 लाख में यह नंबर प्लेट खरीदी गई। यह खास ‘0007’ नंबर मशहूर जेम्स बॉन्ड के कोड की याद दिलाता है और यही वजह है कि यह कार और भी एक्सक्लूसिव बन गई है।
पहली Lamborghini Urus Performante
वेनु की यह नई लाइम-ग्रीन Lamborghini Urus Performante reportedly केरल में अपनी तरह की पहली कार है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर इस लग्जरी कार का वीडियो भी साझा किया। वेनु गोपालकृष्णन अपने लग्जरी वाहनों के शौक के लिए जाने जाते हैं। उनके कलेक्शन में पहले से ही Lamborghini Huracan Sterrato और BMW M1000 XR बाइक शामिल है।
