बीते वर्ष 2025 में चीन की इलेक्ट्रिक वाहन (EV) निर्माता BYD ने ग्लोबल ईवी बिक्री के मामले में अमेरिकी दिग्गज Tesla को भी पीछे छोड़ दिया। इसी के साथ यह पहली बार है जब टेस्ला दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली ईवी कंपनी का खिताब खो बैठी है। ऐसा टेस्ला की ईवी बिक्री में गिरावट के कारण हुआ। बीते वर्ष के आंकड़ों के अनुसार, BYD की ईवी बिक्री 2024 की तुलना में 28 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2025 में 2.64 मिलियन यूनिट्स तक पहुंच गई। वहीं, Tesla ने 2024 की तुलना में 9 प्रतिशत की गिरावट के बाद 2025 में 1.6 मिलियन ईवी की बिक्री की।
टेस्ला की बिक्री में गिरावट क्यों आई
टेस्ला की बिक्री में यह गिरावट कई कारणों से देखी जा रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह अमेरिकी ईवी टैक्स क्रेडिट का खत्म होना माना जा रहा है। इससे खासकर अमेरिका में टेस्ला की बिक्री प्रभावित हुई। इसके अलावा, कंपनी के सीईओ एलन मस्क के राजनीतिक रुख और विवादित बयानों के बीच बी टेस्ला के प्रति रुझान में कमी आई। टेस्ला के प्रमुख मॉडल जैसे Model 3 और Model Y ने कुल बिक्री में सबसे अधिक योगदान दर्ज करवाया, लेकिन 2025 की चौथी तिमाही में डिलीवरी में गिरावट दर्ज की गई।
निरंतर आगे बढ़ रही BYD
दूसरी ओर, चीनी कार कंपनी BYD ने अपनी निरंतर वृद्धि जारी रखी है। साथ ही, वैश्विक बाजार पर भी अपनी पकड़ मजबूत बनाए हुए है। BYD की ईवी की मांग न केवल चीन तक सीमित है बल्कि यूरोप, लैटिन अमेरिका और एशिया के कई बाजारों में भी कंपनी की ईवी को लेकर एक अलग ही क्रेज बना हुआ है। इतना ही नहीं, BYD ईवी के अलावा प्लग-इन हाइब्रिड वाहनों में भी मजबूत प्रदर्शन कर रही है। जानकारों का मानना है कि BYD की सफलता का मुख्य कारण कंपनी की बढ़ती उत्पादन क्षमताएं, मजबूत लोकल सप्लाई चेन और किफायती मॉडल रेंज हैं।
भविष्य की संभावनाएं
भविष्य की संभावनाओं की बात करें तो ईवी बाजार में समय के साथ प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ती जा रही है। Hyundai, Geely जैसे ब्रांड भी विश्व बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहे हैं। वहीं, टेस्ला भी नई टेक्नोलॉजी और आधुनिक मॉडल के साथ शानदार वापसी करने की तैयारी जोरों-शोरों पर कर रही है।
