ऑटो न्यूज़

9 जुलाई को डेब्यू करेगी Tekton SUV, लॉन्च से पहले सामने आईं खूबियां

निसान अपने ग्राहकों के लिए मिड-साइज SUV Tekton लाने जा रहा है। पहले इस एसयूवी को साल के शुरुआत में लाया जा रहा था लेकिन लॉन्च पोस्टपोन होने के बाद एसयूवी 9 जुलाई को आ रही है।

Image

Nissan Tekton (Photo: Nissan)

निसान भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में ग्राहकों के लिए मिड-साइज SUV Nissan Tekton को लाया जा रहा है। इस एसयूवी को एक बार फिर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। कंपनी इस SUV को 9 जुलाई को आधिकारिक रूप से पेश करने जा रही है और लॉन्च से पहले इसके टेस्ट म्यूल लगातार भारतीय सड़कों पर नजर आ रहे हैं। हाल ही में सामने आई स्पाई तस्वीरों से संकेत मिलते हैं कि कंपनी अब इस एसयूवी के फाइनल टेस्टिंग स्टेज में पहुंच चुकी है।

9 जुलाई को होगा आधिकारिक डेब्यू

मालूम हो कि पहले इस एसयूवी को साल की शुरुआत में पेश किए जाने की उम्मीद थी, लेकिन बाद में इसकी लॉन्च टाइमलाइन आगे बढ़ा दी गई। अब कंपनी इस SUV को पूरी तैयारी के साथ बाजार में उतारने की योजना बना रही है।

Renault Duster के प्लेटफॉर्म पर होगी तैयार

नई Nissan Tekton को उसी CMF-B प्लेटफॉर्म पर डेवलप किया गया है, जिस पर नई Renault Duster आधारित है। हालांकि प्लेटफॉर्म साझा होने के बावजूद Nissan ने इसे अलग पहचान देने की कोशिश की है। SUV का फ्रंट और रियर डिजाइन Duster से काफी अलग होगा और इसमें Nissan की ग्लोबल डिजाइन लैंग्वेज देखने को मिलेगी।

Patrol SUV से प्रेरित होगा डिजाइन

निसान की फ्लैगशिप SUV Patrol से प्रेरित डिजाइन इस वाहन की सबसे बड़ी खासियतों में से एक हो सकता है। इसमें बड़ा फ्रंट ग्रिल, कनेक्टेड LED DRLs, नए LED हेडलैंप और दमदार रोड प्रेजेंस देखने को मिल सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी इसे अधिक प्रीमियम लुक देने पर काम कर रही है ताकि यह Duster से अलग पहचान बना सके।

शानदार फीचर्स के साथ होगी एंट्री

Nissan Tekton को आधुनिक फीचर्स से लैस किया जा सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस कनेक्टिविटी, वायरलेस चार्जिंग, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और पावर्ड टेलगेट जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। सुरक्षा के लिहाज से इसमें Level-2 ADAS, 360-डिग्री कैमरा, ऑटोमैटिक हेडलैंप और अन्य एडवांस सेफ्टी फीचर्स भी दिए जाने की उम्मीद है।

पेट्रोल और हाइब्रिड दोनों विकल्प

इंजन विकल्पों की बात करें तो Tekton में 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है। इसके अलावा कंपनी हाइब्रिड पावरट्रेन भी पेश कर सकती है, जिसमें 1.8-लीटर इंजन और बैटरी पैक का संयोजन देखने को मिल सकता है।

किन SUV को देगी टक्कर?

लॉन्च के बाद Nissan Tekton का मुकाबला भारतीय बाजार की लोकप्रिय मिड-साइज SUVs जैसे Hyundai Creta, Kia Seltos, Maruti Suzuki Grand Vitara, Toyota Urban Cruiser Hyryder, Honda Elevate और Renault Duster से होगा।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article