ऑटो न्यूज़

Tata Nexon खरीदने का है प्लान तो बढ़ा लें बजट, कीमत में हुआ इतना इजाफा

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Jul 19, 2023, 07:50 PM IST

Tata Motors ने Nexon SUV की कीमत में इजाफा कर दिया है और अब ग्राहकों को ये एसयूवी 20,000 रुपये तक महंगी पड़ने वाली है। जो ग्राहक टाटा नैक्सॉन का बेस वेरिएंट खरीदना चाहते हैं उन्हें सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ा है।

Image

कई वेरिएंट्स के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है, कुछ की कीमत 10,000 रुपये तक बढ़ी है।

KEY HIGHLIGHTS
  • टाटा नैक्सॉन की कीमत बढ़ी
  • 20,000 रुपये तक महंगी हुई
  • एसयूवी की है जोरदार डिमांड

Tata Nexon Price Hike: टाटा मोटर्स ने इस महीने की शुरुआत में ही अपनी सभी कारों के दाम बढ़ाने की घोषणा की थी, अब कंपनी ने नैक्सॉन के दाम में 20,000 रुपये तक इजाफा कर दिया है। बढ़ी हुई कीमत 17 जुलाई से लागू कर दी गई है और अब जो ग्राहका एसयूवी की बुकिंग करेंगे उन्हें बढ़ी हुई कीमत चुकानी होगी। टाटा मोटर्स ने चुनिंद ग्राहकों को प्राइस प्रोटेक्शन भी ऑफर किया है जिसकी जानकारी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई है। बता दें कि एंट्री लेवल एक्सई वेरिएंट 20,000 रुपये महंगा हुआ है। इसके अलावा कई वेरिएंट्स के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है, कुछ की कीमत 10,000 रुपये तक बढ़ी है।

जल्द आ रही नैक्सॉन फेसलिफ्ट

टाटा मोटर्स लगातार नई नैक्सॉन फेसलिफ्ट की टेस्टिंग देश की सड़कों पर कर रही है, इससे कार के बहुत सारे फीचर्स की जानकारी लॉन्च से पहले ही मिल गई है। कंपनी इस कार को केबिन से तो लगभग पूरी तरह बदलने वाली है, लेकिन इसके एक्सटीरियर में हुए बदलाव आपको बहुत प्रभावित करेंगे। हाल में नई कार टेस्टिंग के दौरान दिखी है जिसमें स्टीयरिंग व्हील पर मिलने वाले डिस्प्ले का भी खुलासा हो गया है। पहले से खूबसूरत इस सबकॉम्पैक्ट एसयूवी को अब और भी जोरदार स्टाइल और डिजाइन में पेश किया जाने वाला है।

किन फीचर्स से लैस होगी एसयूवी?

नई टाटा नैक्सॉन फेसलिफ्ट के केबिन में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। इनमें सबसे दिलचस्प बड़े साइज का नया टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम नजर आ रहा है जो मौजूदा एसयूवी में मिलने वाले 7-इंच टचस्क्रीन सिस्टम से बड़ा है। इसके अलावा हाल में कंपनी ने हैरियर और सफारी रेड डार्क एडिशन में जो पतला इंटरफेस दिया है, वो भी नई नैक्सॉन फेसलिफ्ट के साथ दिया जा सकता है। कंपनी ने यहां नई दो स्पोक वाली फ्लैट बॉटम स्टीयरिंग व्हील दी है जो टाटा कर्व कॉन्सेप्ट से प्रेरित लगती है।

कितनी अलग है नैक्सॉन फेसलिफ्ट

नई जनरेशन टाटा नैक्सॉन के साथ स्प्लिट हेडलैंप सेटअप मिला है जो एलईडी डीआरएल के साथ दिखाई दिया है। यहां नए अलॉय व्हील्स और आउटसाइड रियर व्यू मिरर्स भी नजर आए हैं, इसके अलावा नई नैक्सॉन अब बहुत कुछ सफारी और हैरियर एसयूवी जैसी दिखने लगी है। कार के पिछले हिस्से में नए एलईडी टेललैंप्स लगे हैं जो मौजूदा मॉडल के मुकाबले काफी पतले हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि पिछले हिस्से में दोनों लाइट्स को जोड़ता एक लाइटबार दिया जाएगा।

कैसा होगा इंटीरियर और इंजन

नई नैक्सॉन के साथ अपडेटेड इंटीरियर मिलने वाला है जो नई अपहोल्स्ट्री और डैशबोर्ड डिजाइन के साथ आएगा। यहां 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है जो नए पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर का साथी बनेगा। 2023 नैक्सॉन को 1.5-लीटर डीजल इंजन मिल सकता है जो 108 बीएचपी ताकत और 260 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। टाटा मोटर्स यहां नया 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन भी दे सकती है जो 123 बीएचपी ताकत और 225 एनएम पीक टॉर्क बनाता है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article