ऑटो न्यूज़

TATA ने फिर मनवाया अपना लोहा, Curvv और Curvv EV को सेफ्टी के लिए 5-स्टार रेटिंग

Tata Curvv And Curvv EV Safety Rating: भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम यानी बीएनसीएपी ने इस कार की सेफ्टी रेटिंग जारी कर दी है। बीएनसीएपी ने हाल में टाटा कर्व और कर्व ईवी का क्रैश टेस्ट करके देखा था जिसमें इन दोनों कारों को 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग दी गई है। एसयूवी की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 10 लाख रुपये है।

Image

भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम यानी BNCAP ने इस कार की सेफ्टी रेटिंग जारी कर दी है।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • टाटा कर्व और कर्व ईवी बनी 5-स्टार
  • सेफ्टी के लिए बीएनसीएपी का टेस्ट
  • बच्चों और वयस्कों के लिए सुरक्षित

Tata Curvv And Curvv EV Safety Rating: टाटा मोटर्स ने कुछ समय पहले ही नई कर्व एसयूवी भारत में लॉन्च की है जिसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 10 लाख रुपये है। ये इंट्रोडक्टरी कीमत है और 31 अक्टूबर 2024 तक ही इस कीमत पर कर्व उपलब्ध होगी। अब भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम यानी बीएनसीएपी ने इस कार की सेफ्टी रेटिंग जारी कर दी है। बीएनसीएपी ने हाल में टाटा कर्व और कर्व ईवी का क्रैश टेस्ट करके देखा था जिसमें इन दोनों कारों को 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग दी गई है।

वयस्कों और बच्चों के लिए रेटिंग

ईंधन से चलने वाली टाटा कर्व को वयस्कों की सुरक्षा के लिए 32 में से 29.50 अंक दिए गए हैं, वहीं बच्चों की सेफ्टी के लिए इसे 49 में से 43.66 अंक मिले हैं। टाटा कर्व ईवी की बात करें तो बीएनसीएपी ने इसे वयस्कों की सुरक्षा के लिए 32 में से 30.81 पॉइंट दिए हैं, वहीं बच्चों की सेफ्टी के लिए इस कार को 49 में से 44.83 अंक मिले हैं। कुल मिलाकर नई कर्व बच्चों और वयस्कों की सेफ्टी के लिए बहुत जोरदार एसयूवी है। बता दें कि भारतीय मार्केट में इस एसयूवी की डिलीवरी शुरू हो चुकी है जो इस समय काफी डिमांड में है।

कितना खास है केबिन

नई टाटा कर्व के केबिन में घुसते ही आपको एक प्रीमियम एसयूवी वाला फील मिलता है। इसका इंटीरियर खूबसूरती से तैयार किया गया है और डैशबोर्ड बिना ताम-झाम वाला, लेकिन जोरदार है। टॉप मॉडल की बात करें तो इसमें 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 9 स्पीकर वाला जेबीएल साउंड सिस्टम, वॉइस असिस्ट वाली पैनोरमिक सनरूफ, एंबिएंट लाइटिंग, ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, पावर्ड टेलगेट, जेश्चर कंट्रोल, वायरलेस चार्जर और इन बिल्ट एयर प्यूरिफायर मिला है। इसके अलावा 6-वे पावर्ड सीट और 360 डिग्री सराउंड कैमरा भी मिला है।

कितना दमदार है इंजन

दिखने में नई टाटा कर्व इसके इलेक्ट्रिक वर्जन जैसी ही है, हालांकि इंजन के हिसाब से किए गए बदलाव आपको यहां देखने को मिलेंगे। टाटा ने नई कर्व एसयूवी के साथ तीन इंजन विकल्प दिए हैं। इनमें से पहला 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन है, वहीं 1.2-लीटर जीडीआई टर्बो पेट्रोल इंजन भी कर्व को मिला है। अंत में 1.5-लीटर डीजल इंजन भी एसयूवी को दिया गया है। कंपनी ने इनके साथ 6-स्पीड मैनुअल और डीसीटी गियरबॉक्स के विकल्प दिए हैं। टाटा कर्व को मिला नया 1.2-लीटर जीडीआई इंजन 123 बीएचपी ताकत और 225 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है।

सिंगल चार्ज में चलेगी लंबा

टाटा मोटर्स की बाकी इलेक्ट्रिक कारों की तरह नई कर्व ईवी को भी स्टैंडर्ड और लॉन्ग रेंज वेरिएंट में पेश किया है। इसके स्टैंडर्ड वेरिएंट को 45 किलोवाट-आर बैटरी पैक दिया गया है जो सिंगल चार्ज में 502 किमी तक रेंज देता है। दूसरी तरफ लॉन्ग रेंज वेरिएंट के साथ 55 किलोवाट-आर का बैटरी पैक मिलता है जिसे एक बार फुल चार्ज करने पर 585 किमी तक चलाया जा सकता है। एक्टिव प्लेटफॉर्म पर बनी ये इलेक्ट्रिक एसयूवी नई पीढ़ी के बैटरी पैक से लोडेड है जो अल्ट्रा फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है। बता दें कि डीसी चार्जर की मदद से 15 मिनट में ही इसे 150 किमी रेंज तक के लिए चार्ज किया जा सकता है।

सेफ्टी में भी जबरदस्त

टाटा कर्व के साथ कंपनी ने खूब सारे हाइटेक सेफ्टी फीचर्स दिए हैं जिनमें 6 एयरबैग्स एसयूवी के महंगे वेरिएंट्स में मिले हैं। इसके अलावा टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, आइसोफिक्स सीट माउंट, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और लेवल 2 एडीएएस भी नई कर्व को मिले हैं। एडीएएस यानी अडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंट सिस्टम के जरिए कई सारे सेफ्टी फीचर्स कार के साथ जुड़ जाते हैं। यानी लंबी यात्रा के दौरान आप खुद जितनी सजगता से गाड़ी चलाते हैं, उतनी ही मुस्तैदी से कर्व के सेफ्टी फीचर्स आपकी जान बचाने का काम करते हैं।

Anshuman. Sakalley
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article