एसयूवी यानी स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल और एमपीवी यानी मल्टी-पर्पस व्हीकल, दोनों ही सेगमेंट तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। हालांकि, जब फैमिली के लिए एक सही गाड़ी चुनने का सवाल आता है तो अक्सर लोग SUV और MPV को लेकर कंफ्यूज हो जाते हैं कि कौन-सी गाड़ी खरीदनी चाहिए। ऐसे में दोनों ही सेगमेंट को लेकर अंतर समझना जरूरी हो जाता है।
SUV और MPV की खूबियां
स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल मजबूत बॉडी, ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस और दमदार लुक के लिए पसंद की जाती है। जहां एक ओर खराब सड़कों, पहाड़ी इलाकों और लंबे सफर के लिए एसयूवी को पसंद किया जाता है। वहीं मल्टी-पर्पस व्हीकल का मुख्य फोकस जगह और आराम पर होता है। मल्टी-पर्पस व्हीकल बड़ी फैमिली या ज्यादा यात्रियों के लिए एक बेहतर ऑप्शन है। इनमें थर्ड रो में बैठने की जगह ज्यादा आरामदायक होती है और बूट स्पेस भी ज्यादा मिलता है।
माइलेज और कीमत
एसयूवी में ड्राइविंग पोजिशन ऊंची होती है, जिससे सड़क पर बेहतर विजिबिलिटी मिलती है। लेकिन SUVs का माइलेज आमतौर पर MPV के मुकाबले थोड़ा कम होता है और इसकी कीमत भी अधिक हो सकती है। MPV रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए किफायती होती है।
कौन-सी गाड़ी किस के लिए बेहतर
अगर आप बड़ी फैमिली के साथ ट्रैवल करते हैं और इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए नई गाड़ी खरीदने का विचार बना रहे हैं तो आपको एसयूवी के बजाय एमपीवी खरीदने की सलाह दी जाती है। इस सेगमेंट के साथ आप बेहतर माइलेज के साथ-साथ कंफर्ट, स्पेस को प्राथमिकता दे सकते हैं। इसके अलावा, एमपीवी सेगमेंट एसयूवी के मुकाबले एक सस्ता विकल्प भी बनता है।
वहीं दूसरी ओर, अगर आप एक यंग बायर हैं, जिन्हें गाड़ी की स्टाइलिश लुक, दमदार रोड प्रेजेंस और मॉडर्न फीचर्स भाते हैं तो आप एसयूवी के विकल्प पर जा सकते हैं। इसके अलावा, अगर आप पहाड़ी इलाकों और खराब सड़कों पर भी गाड़ी दौड़ाते हैं तो आपके लिए एसयूवी एक बेहतर विकल्प बन सकता है।
