ट्रैफिक के बीच बाइक चलाने की ये स्मार्ट टिप्स आएंगी आपके काम, नहीं होंगे बार-बार परेशान
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Jan 14, 2026, 10:32 AM IST
Smart bike riding tips: शहर के ट्रैफिक के बीच बाइक चलाना कुछ मुश्किल हो जाता है। हालांकि, सही राइडिंग आदतों के साथ राइड को सुरक्षित और तनावमुक्त बनाया जा सकता है। थोड़ी सावधानी, धैर्य और स्मार्ट राइडिंग से शहर के ट्रैफिक को आसानी से और सुरक्षित तरीके से पार किया जा सकता है।
ट्रैफिक के बीच ऐसे चलाएं बाइक (Photo: iStock)
Smart bike riding tips: शहरों में बढ़ता ट्रैफिक आज हर बाइक राइडर के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। ट्रैफिक जाम, अचानक ब्रेक लगाती गाड़ियां और पैदल चलने वाले लोग बाइक चलाना जोखिम भरा बना देते हैं। अगर आप भी बाइक राइड करते हैं तो आए दिन इस तरह की परेशानियों को झेलते होंगे। अगर कुछ स्मार्ट टिप्स को फॉलो किया जाए तो न केवल राइड सुरक्षित बनती है बल्कि बाइक की परफॉर्मेंस और माइलेज भी बेहतर रहती है।
सही लेन
बार-बार लेन बदलने से एक्सीडेंट का खतरा बढ़ जाता है। हमेशा अपनी लेन में रहें और आगे की ट्रैफिक स्थिति को देखकर ही मूव करें। इसके अलावा, साइड मिरर का नियमित इस्तेमाल करना भी बेहद जरूरी है।
स्मूद एक्सीलरेशन और हल्के ब्रेक
ट्रैफिक में बाइक चलाते समय स्मूद एक्सीलरेशन और हल्के ब्रेक का इस्तेमाल करें। अचानक तेज रफ्तार या जोरदार ब्रेक से फिसलने और टक्कर का खतरा रहता है। इसके अलावा इससे बाइक की चेन, ब्रेक और टायर पर भी अधिक दबाव पड़ता है।
ट्रैफिक सिग्नल
ट्रैफिक सिग्नल और रोड मार्किंग्स का पालन करना स्मार्ट राइडर की पहचान है। रेड लाइट जंप करने या गलत साइड से ओवरटेक करने से न केवल चालान कट सकता है बल्कि जान का खतरा भी रहता है। हमेशा जेब्रा क्रॉसिंग और पैदल यात्रियों का ध्यान रखें।
सुरक्षित दूरी
भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षित दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। आगे चल रही गाड़ी से पर्याप्त गैप रखने से अचानक ब्रेक लगने की स्थिति में आप खुद को भी संभाल सकते हैं। इसके अलावा, बड़े वाहनों जैसे बस और ट्रक से दूरी बनाकर चलना ज्यादा सुरक्षित होता है।
सही गियर
सही गियर का इस्तेमाल भी ट्रैफिक में मददगार होता है। कम स्पीड पर ऊंचा गियर बाइक को झटके देता है और इंजन पर असर डालता है। वहीं, ट्रैफिक के हिसाब से गियर बदलने से राइड स्मूद रहती है।
हेलमेट और जरूरी सेफ्टी गियर
इसके अलावा, बाइक राइडिंग के दौरान दूरी कम हो चाहे ज्यादा हमेशा हेलमेट और जरूरी सेफ्टी गियर पहनें। ट्रैफिक में छोटी सी गलती भी बड़े हादसे में बदल सकती है। थोड़ी सावधानी, धैर्य और स्मार्ट राइडिंग से आप शहर के ट्रैफिक को आसानी से और सुरक्षित तरीके से पार कर सकते हैं।