ऑटो न्यूज़

Skoda Kylaq Vs Mahindra XUV 3XO, जर्मन बनाम भारतीय, कौन किस पर भारी

हाल ही में स्कोडा ने भारतीय कार मार्केट में अपनी नई कॉम्पैक्ट SUV, कायलाक (Skoda Kylaq) को लॉन्च कर हलचल पैदा कर दी है। भारत में मौजूद इस कार के बहुत से प्रतिद्वंदियों में एक नाम महिंद्रा की XUV 3XO भी है। महिंद्रा XUV 3XO की कीमत 7.79 लाख से 15.49 लाख रुपये है जबकि स्कोडा कायलाक की शुरुआती कीमत 7.89 लाख रुपये है। आइये जानते हैं कि दोंनो ही कारों में क्या अलग और क्या कुछ खास ऑफर किया जाएगा।

Image

जर्मन बनाम भारतीय, कौन किस पर भारी

Photo : Times Now Digital

Skoda Kylaq Vs Mahindra XUV 3XO: भारतीय कार मार्केट में SUVs की पॉपुलैरिटी लगातार बढ़ रही है। इनमें भी कॉम्पैक्ट SUVs की पॉपुलैरिटी सबसे अलग और ज्यादा है। इसे देखते हुए विभिन्न कंपनियां मार्केट में अपनी नई कॉम्पैक्ट कारें पेश कर रही हैं। स्कोडा कायलाक (Skoda Kylaq) भी ऐसी ही एक कार है जिसे हाल ही में भारतीय कार मार्केट में पेश किया गया है। इस कार को 7.89 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है। इस कीमत पर कायलाक बहुत सी कारों से लोहा लेगी और महिंद्रा XUV 3XO भी इन्हीं में से एक है। अगर आप भी हाल-फिलहाल में नई कॉम्पैक्ट SUV खरीदने के बारे में विचार कर रहे हैं तो आपको जान लेना चाहिए कि इन दोनों ही कारों में आपको क्या कुछ खास और अलग ऑफर किया जा रहा है।

वेरिएंट और कीमत

महिंद्रा की XUV 3XO की शुरुआती कीमत 7.79 लाख रुपये से 15.49 लाख रुपये के बीच है। XUV 3XO को कुल 9 वेरिएंट्स, MX 1, MX2, MX2 प्रो, MX3, MX3 प्रो, AX5, AX5 L, AX7 और AX7 L, में पेश किया जाता है। दूसरी तरफ स्कोडा कायलाक को 4 वेरिएंट में ही पेश किया गया है। हालांकि कार के बेस वेरिएंट की कीमत जारी की जा चुकी है, लेकिन कार के अन्य वेरिएंट्स की कीमतें अभी भी जारी की जानी बाकी हैं। स्कोडा कायलाक को क्लासिक, सिग्नेचर, सिग्नेचर प्लस और प्रेस्टीज वेरिएंट्स में पेश किया जाएगा।

कौन सी कार कितनी बड़ी

महिंद्रा XUV 3XO की लंबाई 3990mm, चौड़ाई 1975mm और ऊंचाई 1647mm है। XUV 3XO के व्हीलबेस की लंबाई 2600mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 201mm की है। कार में 17 इंच के व्हील्स लगते हैं और इसमें 364 लीटर का बूटस्पेस है। दूसरी तरफ स्कोडा कायलाक 3995mm लंबी, 1975mm चौड़ी है जबकि इसका व्हीलबेस 2566mm का है और ग्राउंड क्लीयरेंस 189mm की है। कायलाक में भी 17 इंच के व्हील्स मिलते हैं और कार में 446 लीटर का बूटस्पेस भी है। कायलाक, महिंद्रा XUV 3XO के मुकाबले थोड़ी सी लंबी और चौड़ी तो है लेकिन व्हीलबेस कम है और ग्राउंड क्लीयरेंस भी। कायलाक में पीछे बैठने वाले यात्रियों को थोड़ी सी असुविधा हो सकती है और कम ग्राउंड क्लीयरेंस की वजह से इसे उबड़खाबड़ सड़कों पर चलने में दिक्कत हो सकती है।

फीचर्स में कौन कहां?

स्कोडा कायलाक और महिंद्रा XUV 3XO, दोनों ही कारें एक से बढ़कर एक जबरदस्त फीचर्स से लैस हैं। महिंद्रा XUV 3XO में 10.25 इंच की टचस्क्रीन वाला इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है और इतनी बड़ी स्क्रीन वाला ही इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलता है। साथ ही XUV 3XO में पैनारोमिक सनरूफ, ड्यूल जोन क्लाइमेट कण्ट्रोल, 360 डिग्री कैमरा, एम्बिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं। सेफ्टी की बात करें तो XUV 3XO में 6 एयरबैग, रियर डिस्क ब्रेक, ESP और इसोफिक्स चाइल्ड सीट माउंट जैसे फीचर्स मिलते हैं। दूसरी तरफ स्कोडा कायलाक में 8 इंच का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है और 10.0 इंच की टचस्क्रीन वाला इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। कायलाक में आगे वाली दोनों सीटें पावर्ड हैं। साथ ही कायलाक में एम्बिएंट लाइटिंग, सिंगल पेन सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट, 6 एयरबैग, ट्रेक्शन कंट्रोल और इसोफिक्स चाइल्ड सीट माउंट जैसे फीचर्स मिलते हैं।

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article