Simple One Base Variant Discontinued: सिंपल एनर्जी ने हाल में डॉट वन इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करते ही सिंपल रेंज का बेस वेरिएंट बेचना बंद कर दिया है। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से इसे हटा लिया गया है। सिंपल वन कंपनी का इस समय मार्केट में सबसे महंगा इलेक्ट्रिक स्कूटर है जिसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 1.45 लाख रुपये है। टॉप मॉडल के लिए ये कीमत 1.58 लाख तक जाती है। बेस और टॉप वेरिएंट में फर्क सिर्फ चार्जर का था, अब कंपनी 750 वाट चार्जर को सिर्फ टॉप मॉडल के साथ उपलब्ध करा रही है। कुल मिलाकर कह सकते हैं इस बेस वेरिएंट के रूप में सिंपल डॉट वन को लाया गया है जिसकी इंट्रोटक्टरी कीमत बहुत आकर्षक है।
हाल में लॉन्च हुआ डॉट वन
सिंपल डॉट वन इलेक्ट्रिक स्कूटर हाल में लॉन्च हुआ है और पहले कंपनी ने इसकी कीमत 1 लाख रुपये रखी थी। हालांकि ये खास कीमत थी जिसे अब उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। अब अगर आप सिंपल डॉट वन लेने का प्लान बना रहे हैं तो ये इलेक्ट्रिक स्कूटर आपको 1.40 लाख रुपये का मिलेगा। डॉट वन इसी पोर्टफोलियो की सिंपल वन इलेक्ट्रिक स्कूटर का सब वेरिएंट है जो सिंगल चार्ज में 160 किमी तक रेंज देता है। इसके साथ कंपनी ने 3.7 किलोवाट आर बैटरी पैक लगाया है जो 8.5 किलोवाट इलेक्ट्रिक मोटर से लैस है। ये दोनों मिलकर कुल 72 एनएम पीक टॉर्क बनाते हैं।
कितनी तेज रफ्तार
इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में दिलचस्पी रखने वाले 1,947 रुपये टोकन देकर इसकी बुकिंग कर सकते हैं। कंपनी का दावा है कि सिंपल डॉट वन 2.77 सेकंड में 0-40 किमी/घंटा रफ्तार पकड़ लेती है और इसके साथ 12-इंच के पहिये दिए गए हैं। ये नया इलेक्ट्रिक स्कूटर चार रंगों - नम्मा रेड, ब्रेजन ब्लैक, ग्रेस व्हाइट और अज्योर ब्लू में उपलब्ध कराया गया है। यहां ग्राहकों को टचस्क्रीन इंस्ट्रमेंट क्लस्टर और सीट के नीचे 35 लीटर का जोरदार स्टोरेज भी मिलने वाला है। इसकी टॉप स्पीड 105 किमी/घंटा है और स्कूटर की बैटरी कुल 11.40 बीएचपी ताकत बनाती है।
जल्द आएगी इलेक्ट्रिक कार
कुछ समय पहले टाइम्स ऑफ इंडिया द्वारा पूछे गए सवाल.. सिंपन वन इलेक्ट्रिक स्कूटर के बाद का प्लान क्या होगा? इसके जवाब में सुहास ने कहा, -सिंपल सिर्फ इलेक्ट्रिक स्कूटर नहीं बनाने वाली, कंपनी जल्द इलेक्ट्रिक कार भी मार्केट में लाने वाली है जिसपर काम शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल पर भी काम किया जा रहा है। देश में पर्याप्त टैलेंट और बेहतरीन इंजीनियर्स हैं, तो हम पूरी तरह भारत में बनी इलेक्ट्रिक कार बनाने के लिए सक्षम हैं।- सुहास ने आगे बताया कि बिल्कुल नई इलेक्ट्रिक कार 2025 तक पेश कर दी जाएगी।
