ऑटो न्यूज़

सितंबर 2023 में पैसेंजर वाहनों की बिक्री बढ़ी, त्योहारों के सीजन में बंपर बिक्री का है अनुमान

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Oct 16, 2023, 06:44 PM IST

सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) ने बताया है कि सितंबर 2023 में पैसेंजर वाहनों की बिक्री करीब 2 प्रतिशत बढ़ी है। आगामी त्योहारों के सीजन में बंपर बिक्री का अनुमान भी लगाया गया है।

Image

सितंबर 2022 में विनिर्माताओं द्वारा डीलरों को 3,55,043 यात्री वाहनों की आपूर्ति की गई थी।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • ऑटो मार्केट में त्योहारों की बहार
  • सितंबर से ही बढ़ी वाहनों की बिक्री
  • आने वाले महीने बंपर बिक्री होगी!

Passenger Vehicle September Sales: त्योहारी सीजन की बहार घरेलू मार्केट में अभी से दिखने लगी है और कारों की बिक्री में उछाल आने वाले महीने के लिए अच्छा संकेत है। घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की थोक बिक्री सितंबर में सालाना आधार पर 1.87 प्रतिशत बढ़कर 3,61,717 इकाई हो गई। वाहन विनिर्माताओं के संगठन सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने सोमवार को यह जानकारी दी। सितंबर 2022 में विनिर्माताओं द्वारा डीलरों को 3,55,043 यात्री वाहनों की आपूर्ति की गई थी।

कितनी बढ़ी बिक्री

सियाम ने बताया कि दोपहिया वाहनों की बिक्री पिछले महीने बढ़कर 17,49,794 इकाई हो गई, जो एक साल पहले की अवधि में 17,35,199 इकाई थी। सितंबर 2023 में तिपहिया वाहनों की कुल थोक बिक्री सितंबर 2022 में 50,626 इकाइयों से बढ़कर 74,418 इकाई रही। सितंबर 2023 में कुल बिक्री 21,41,208 इकाई रही, जो सितंबर 2022 में 20,93,286 इकाई थी।

पहली तिमाही की बिक्री

जुलाई-सितंबर तिमाही में कुल बिक्री 61,16,091 इकाई रही, जो पिछले वर्ष दूसरी तिमाही में 60,52,739 इकाई थी। यात्री वाहनों की बिक्री जुलाई-सितंबर अवधि में मामूली रूप से बढ़कर 10,26,309 रही, जो पिछले साल समान अवधि में 10,74,189 इकाई थी। वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री बढ़कर 2,47,929 इकाई रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 2,31,991 इकाई थी।

थ्री—व्हीलर का प्रदर्शन

दूसरी तिमाही में तिपहिया वाहनों की कुल बिक्री बढ़कर 1,95,215 इकाई हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 1,20,319 इकाई थी। सियाम के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि यात्री वाहनों, तिपहिया वाहनों और वाणिज्यिक वाहन खंडों में 2023-24 की दूसरी तिमाही में वृद्धि देखी गई। हालांकि दोपहिया वाहनों की थोक संख्या में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में मामूली गिरावट दर्ज की गई।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article