ऑटो न्यूज़

सेल्फ ड्राइविंग कार ने राहगीर को मारी टक्कर, रोबोटैक्सी के साथ एआई का जुड़ना चिंताजनक!

Robotaxi Hits Pedestrian In China: चीन में एक सेल्फ ड्राइविंग कार या कहें तो रोबोटैक्सी ने पैदल यात्री को टक्कर मार दी है। इसके बाद सोशल मीडिया पर रोबोटैक्सी के साथ एआई के जुड़ने पर लोगों ने चिंता जताई है। हालांकि रिपोर्ट में सामने आया है कि ये हादसा पैदल यात्री के नियम तोड़ने पर हुआ है।

Image

व्यक्ति कथित तौर पर गाड़ियों के लिये हरी बत्ती होने के बावजूद सड़क पार कर रहा था।

KEY HIGHLIGHTS
  • रोबोटैक्सी ने पैदल यात्री को मारी टक्कर
  • चीन में सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
  • पैदल यात्री ने तोड़ा था नियम — रिपोर्ट

Robotaxi Hits Pedestrian In China: आज का दौर एआई का है और इसके साथ स्वचलित यानी स्वत: चलने वाले वाहनों का जुड़ना आधुनिक तकनीक का नया स्तर है। लेकिन हाल में इसका एक नुकसान भी नजर में आया है। चीन में एक चालक रहित कार ने एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी तथा सोशल मीडिया पर लोग कार निर्माता का पक्ष ले रहे हैं क्योंकि व्यक्ति कथित तौर पर गाड़ियों के लिये हरी बत्ती होने के बावजूद सड़क पार कर रहा था। कार निर्माता दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी बायदू ने चीनी मीडिया में जारी एक बयान में कहा कि हरी बत्ती होते ही कार चलने लगी और उसकी पैदल यात्री से मामूली टक्कर हुई।

चुनौतियों को उजागर करती घटना

कंपनी ने बताया कि पीड़ित को एक अस्पताल ले जाया गया जहां जांच में पाया गया कि उसे कोई बाहरी चोट नहीं आयी। चीन के वित्तीय समाचार संगठन ‘यीकाई’ ने कहा कि वुहान शहर में रविवार को हुई यह घटना जटिल स्थितियों में चालक रहित कार की चुनौतियों को उजागर करती है। उसने एक विशेषज्ञ के हवाले से कहा कि यातायात कानूनों का उल्लंघन करने वाले वाहनों या पैदल यात्रियों से निपटने में इस प्रौद्योगिकी की सीमाएं हो सकती हैं।

पैदल यात्री ने कानून तोड़ा था

‘शंघाई डेली’ समाचार पत्र ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सोशल मीडिया पर आयी तस्वीरों में एक व्यक्ति को चालक रहित कार के सामने सड़क पर बैठे हुए देखा गया। सोशल मीडिया पर आयी टिप्पणियों में बायदू का काफी हद तक समर्थन करते हुए कहा गया है कि पैदल यात्री ने कानून तोड़ा था। बीजिंग स्थित सर्च इंजन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता कंपनी बायदू चीन में चालक रहित ड्राइविंग के विकास में अग्रणी है। इसका सबसे बड़ा ‘रोबोटैक्सी’ संचालन वुहान में है। इसका बेड़ा 300 कारों का है।

Anshuman. Sakalley
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article