ऑटो न्यूज़

बिन मौसम बारिश न कर दे मूड खराब, बाइक सवार इन बातों का रखें खास ख्याल

Bike Riding Safety In Rain: बिन मौसम बारिश किसी का भी मूड खराब कर सकती है। खासकर ऑफिस के लिए बाइक से निकलना हो और बारिश ऑफिस निकलने के टाइम पर ही होने लगे तो एक नई परेशानी खड़ी हो जाती है। ऐसे में कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जाए तो बाइक राइड सुरक्षित बनाई जा सकती है।

Image

Bike Riding Safety In Rain (Photo : iStock)

Bike Riding Safety In Rain: कई बार बारिश बिन मौसम दस्तक दे जाती है। ऐसे में अगर सुबह ऑफिस आने के टाइम पर बारिश हो जाए तो सारा मूड ही खराब हो जाता है। खासकर घर से बाइक लेकर निकलने वालों के लिए एक मुसीबत खड़ी हो जाती है। ऐसी बिन मौसम बारिश में फिसलन भरी सड़कें, कम विजिबिलिटी और अचानक ब्रेक लगने की स्थिति में दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि, अगर आप कुछ जरूरी सावधानियां बरतते हैं तो बारिश में भी आपकी बाइक राइड सुरक्षित और आरामदायक हो सकती है। आइए जल्दी से जान लेते हैं बारिश में बाइक राइडर्स को कौन-सी जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए-

सेफ्टी गियर

सबसे पहले सेफ्टी गियर की बात करते हैं। बारिश के मौसम में हेलमेट पहनना और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है। कोशिश करें कि ISI सर्टिफाइड हेलमेट पहनें, जिसमें एंटी-फॉग वाइजर हो ताकि सामने का व्यू साफ दिखाई दे। इसके अलावा वॉटरप्रूफ जैकेट, ग्लव्स और रेन सूट का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे आप भीगने से बचेंगे और बाइक पर आपकी पकड़ बनी रहेगी।

बाइक की स्थिति

बिन मौसम बारिश शुरू हो गई तो घर से निकलने से पहले बाइक की स्थिति की जांच किया जाना बेहद जरूरी है। बाइक के टायर्स चेक करें। घिसे हुए टायर फिसलन बढ़ा सकते हैं। टायर में सही हवा का दबाव और अच्छा ट्रेड पैटर्न होना चाहिए। साथ ही ब्रेक्स की जांच करें क्योंकि गीले ब्रेक्स तुरंत काम नहीं करते। लाइट्स और इंडिकेटर्स सही से काम कर रहे हों, यह भी जांचे।

तेज स्पीड

बारिश में बाइक चलाते समय स्पीड कंट्रोल सबसे बड़ा नियम है। तेज रफ्तार से बचें और आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। अचानक ब्रेक लगाने से बचें, क्योंकि इससे बाइक स्लिप हो सकती है। ब्रेक हमेशा धीरे और दोनों (फ्रंट व रियर) का संतुलित इस्तेमाल करें।

सड़क पर ध्यान

बारिश को देखते हुए सड़क की सतह पर ध्यान देना भी बहुत जरूरी है। बारिश में सड़क पर कीचड़, तेल या गड्ढे छिपे हो सकते हैं। सफेद लाइनें, जेब्रा क्रॉसिंग और मेटल प्लेट्स पर बाइक चलाते समय खास सावधानी रखें क्योंकि ये ज्यादा फिसलन भरी होती हैं।

तेज बारिश

घर से बाइक लेकर तो चल पड़े हैं लेकिन रास्ते में बारिश तेज हो जाती है तो मौका और सही समय देखकर बाइक को किसी सुरक्षित स्थान पर खड़ी कर खुद भी भीगने से बचें। ज्यादा तेज बारिश में बाइक राइडर्स को चाहे ऑफिस ही क्यों न पहुंचना हो, जल्दीबाजी न करने की सलाह दी जाती है। क्योंकि बिन मौसम बारिश में दुर्घटना से देर भली होगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article