Renault ने अपनी नई कॉन्सेप्ट SUV Renault Bridger Concept की घोषणा कर दी है। यह एक नई सब 4 मीटर एसयूवी होगी, जिसकी झलक 10 मार्च को आधिकारिक तौर पर दिखाई जाएगी। कार मेकर की ओर से यह भी कंफर्म कर दिया गया है कि प्रोडक्शन-स्पेक Bridger SUV को भारत में ही डिजाइन और डेवलप किया जाएगा। यह नई SUV कंपनी की दूसरी सब 4 मीटर एसयूवी होगी और इसे Renault Kiger के साथ लाइन-अप में रखा जा सकता है। माना जा रहा है कि इसका निर्माण चेन्नई स्थित प्लांट में किया जाए।
डिजाइन में मिलेगा बॉक्सी SUV लुक
Renault Bridger Concept के टीजर में इसका डिजाइन काफी रग्ड और बॉक्सी नजर आता है। इसमें टेलगेट पर लगा स्पेयर व्हील दिखाई देता है, जो इसे ऑफ-रोडिंग स्टाइल देता है और कुछ हद तक Land Rover Defender जैसी झलक भी देता है। इसके अलावा सामने की तरफ इल्यूमिनेटेड Renault लेटरिंग देखने को मिल सकती है, जो नए ग्लोबल मॉडल्स की तरह डिजाइन भाषा को दर्शाती है।
इंजन और पावरट्रेन
इंजन के मामले में उम्मीद है कि Bridger में वही 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है, जो Kiger में मिलता है। यह इंजन लगभग 100hp की पावर देता है और इसके साथ मैनुअल और CVT गियरबॉक्स विकल्प मिल सकते हैं।
नाम का मतलब क्या है?
Renault के अनुसार Bridger नाम अंग्रेजी शब्द “Bridge” से लिया गया है। कंपनी का कहना है कि यह नाम ब्रांड के नए ग्लोबल प्रोडक्ट प्लान का हिस्सा है और यह डिजाइन, इनोवेशन और बाजारों के बीच कनेक्शन को दर्शाता है।
एक प्रैक्टिकल फैमिली SUV
कंपनी का कहना है कि यह SUV लंबाई में 4 मीटर से कम होगी, लेकिन इसके बावजूद अंदर पर्याप्त स्पेस देने पर खास ध्यान दिया जाएगा। यानी यह कॉम्पैक्ट साइज के बावजूद एक प्रैक्टिकल फैमिली SUV हो सकती है। यह व्हीकल Renault की वैश्विक महत्वाकांक्षाओं को दर्शाता है। कंपनी के अनुसार, यह व्हीकल शहरों में रह रहे परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
