New Tata Nexon iCNG: टाटा नैक्सॉन सीएनजी का प्रोडक्शन के लिए तैयार मॉडल हाल में टेस्टिंग करता नजर आया है। टाटा मोटर्स संभवतः सितंबर 2024 में नई नैक्सॉन iCNG भारत में लॉन्च करने वाली है। ग्राहकों के बीच बेहद पॉपुलर इस एसयूवी के सीएनजी वेरिएंट की बहुत सी जानकारी लॉन्च से पहले ही सामने आ गई है। ताजा जानकारी के अनुसार नैक्सॉन iCNG को दो गियरबॉक्स विकल्प मिलेंगे जिनमें 5-स्पीड मैनुअल के अलावा नया एएमटी गियरबॉक्स भी दिया जाएगा। ये भी बताया गया है कि ये भारत की पहली टर्बो सीएनजी एसयूवी बनने वाली है। ये एसयूवी स्टैंडर्ड मॉडल जैसी ही दिखती है, लेकिन इसमें सीएनजी फिटमेंट के लिए इंजन में जरूरी बदलाव किए गए हैं।
डुअल सिलेंडर CNG सेटअप
नई नैक्सॉन फेसलिफ्ट एसयूवी पर सीएनजी वेरिएंट आधारित है। टाटा नैक्सॉन सीएनजी के साथ भारत का पहला टर्बो पेट्रोल इंजन दिया है जो सीएनजी से चलता है। इसके अलावा नई कार को बहुत से नए फीचर्स भी दिए गए हैं। टाटा ने नई नैक्सॉन iCNG के साथ हालिया कारों की तर्ज पर डुअल-सिलेंडर सीएनजी सेटअप दिया है जिसकी क्षमता कुल 60 लीटर है। यानी आप एक बार एसयूवी को फुल टैंक कराने पर लंबी दूरी तय कर सकेंगे। इसके अलावा सीएनजी कारों की सबसे बड़ी समस्या यानी बूट स्पेस ना मिलने का भी यहां हल निकल आया है। एसयूवी के साथ 230 लीटर का बूट स्पेस दिया गया है।
कौन-कौन से फीचर्स मिलेंगे
टाटा नैक्सॉन iCNG के साथ दमदार बूट स्पेस के अलावा सिंगल अडवांस्ड ईसीयू, सीएनजी फंक्शन का डायरेक्ट स्टार्ट, दोनों फ्यूल्स के बीच ऑटो स्विच और एनजीवी1 यूनीवर्सल टाइप नोज की मदद से तेजी से सीएनजी भरने जैसी सर्विस मिलेंगी। टाटा कई नई और अपडेटेड इलेक्ट्रिक कारें भी मार्केट में लाने वाली है जिनमें हैरियर ईवी भी शामिल है। लॉन्च होने के बाद नैक्सॉन भारत की पहली एसयूवी बन जाएगी जो पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, ईवी, मैनुअल, एएमटी और डीसीटी वेरिएंट में उपलब्ध होगी। कंपनी अन्य कई दिलचस्प प्रोडक्ट्स पर भी काम कर रही है।
