ऑटो न्यूज़

सस्ता होने वाला है पेट्रोल-डीजल! 15 महीने से नहीं बदले दाम, अब हो सकती है बड़ी कटौती

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Jan 23, 2023, 04:09 PM IST

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हाल में इस ओर इशारा किया है कि बजट 2023-24 के दौरान भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमत घटाई जा सकती है. केंद्रीय मंत्री का कहना है कि ईंधन विक्रेता कंपनियों के नुकसान की भरपाई अब हो चुकी है.

KEY HIGHLIGHTS
  • जल्द सस्ता होने वाला है पेट्रोल-डीजल
  • केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का बयान
  • 6 अप्रैल 2022 से स्थिर हैं ईंधन के दाम

Petrol Diesel Price Cut: बजट 2023-24 से पहले पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस बात की ओर इशारा किया है कि जल्द पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती की जा सकती है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य संचालित ईंधन विक्रेता कंपनियों ने अपने पुराने नुकसान की भरपाई कर ली है और अब वो पेट्रोल-डीजल कीमत घटाने वाली हैं. ये बयान तब सामने आया है जब इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशल लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने बीते 15 महीनों से पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया है.

क्या बोले हरदीप सिंह पुरी

पेट्रोल-डीजल के दाम में संभावित कटौती को लेकर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, -मुझे उम्मीद है कि उनके नुकसान की भरपाई हो चुकी है और अब कीमतों में कटौती की जानी चाहिए. सरकार ने उन्हें कीमत स्थिर बनाए रखने के लिए नहीं कहा था, ये उनका खुदका फैसला था.- बता दें कि पिछले साल कच्चा तेल बहुत महंगा हो गया था, लेकिन अब इसकी कीमत सामान्य हो चुकी है. ईंधन विक्रेता कंपनियां पेट्रोल पर मुनाफा कमा रही हैं, लेकिन डीजल पर अब भी इन्हें नुकसान हो रहा है.

6 अप्रैल 2022 से नहीं बढ़े दाम

कोविड महामारी के दौरान भारतीय ईंधन विक्रेता कंपनियों को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा जिसके बाद उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ाई थी. इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत भी प्रति बैरल रिकॉर्ड पर पहुंची थी. हालांकि सभी राज्य संचालित तेल कंपनियों ने 6 अप्रैल 2022 से पेट्रोल-डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है. जून 2022 में कच्चा तेल 116.01 डॉलर प्रति बैरल बिक रहा था जो जनवरी 2023 में 102.97 डॉलर प्रति बैरल पर आ चुका है.

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article