Ola S1 Air: ओला इलेक्ट्रिक ने अपनी सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक स्कूटर एस1 एयर की बुकिंग शुरू कर दी है। कंपनी ने अक्टूबर 2022 में 84,999 रुपये एक्सशोरूम कीमत पर इस ईवी को लॉन्च किया था, हालांकि अब सरकार ने इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की सब्सिडी घटा दी है जिसके बाद इसकी कीमत 1,09,999 रुपये हो गई है। अब कंपनी ने बताया है कि 15 अगस्त तक सभी ग्राहकों को इसी कीमत पर ओला एस1 एयर उपलब्ध कराई जा रही है, इसके बाद इलेक्ट्रिक स्कूटर की कीमत 1,19,999 रुपये होगी। बता दें कि 24 घंटे में इस ईवी के लिए 3,000 बुकिंग्स मिल चुकी हैं।
15 अगस्त तक सभी ग्राहकों को इसी कीमत पर ओला एस1 एयर उपलब्ध कराई जा रही है।
कितनी है एस1 एयर की कीमत
अब जो ग्राहक इसकी बुकिंग कराना चाहते हैं उनके लिए 31 जुलाई से बुकिंग विंडो खोली जाएगी। ओला एस1 एयर की इंट्रोडक्टरी एक्सशोरूम कीमत 1.09 लाख रुपये है, खास कीमत खत्म हो जाने के बाद ईवी की एक्सशोरूम कीमत 1.19 लाख रुपये हो जाएगी। कंपनी अगस्त 2023 की शुरुआत से ग्राहकों को डिलीवरी देना शुरू करेगी। इस कीमत के साथ मार्केट में एस1 एयर का मुकाबला बाकी इलेक्ट्रिक स्कूटर्स के अलावा होंडा एक्टिवा, टीवीएस जूपिटर, सुजुकी ऐक्सेस, यामाहा फसीनो जैसे स्कूटर्स से होने वाला है।
सिंगल चार्ज में कितना चलेगा?
ओला इलेक्ट्रिक का दावा है कि सिंगल चार्ज में ईको मोड पर एस1 एयर को 100 किमी तक चलाया जा सकता है। इसे चलाने में बहुत कम खर्च आता है जो करीब 25 पैसा/किमी है। इसके साथ 2.5 किलोवाट आर बैटरी पैक लगाया गया है जो इसे 85 किमी/घंटा की टॉप स्पीड पर पहुंचाता है। सिर्फ 4.3 सेकंड में ही ये इलेक्ट्रिक स्कूटर 0-40 किमी/घंटा रफ्तार पकड़ लेता है और कंपनी ने इसमें रिवर्स गियर भी दिया है। इसका भार सिर्फ 99 किग्रा है जिसकी वजह से इसे चलाना काफी आसान हो जाता है।
