Nissan New 7-Seater MPV: निसान इंडिया जल्द ही अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में नए वाहनों की एंट्री कर विस्तार करने वाली है. फिलहाल कंपनी भारत में सिर्फ निसान किक्स और निसान मैग्नाइट बेच रही है, लेकिन अब जल्द नई 7-सीटर एमपीवी लॉन्च की जाने वाली है जो रेनॉ ट्राइबर पर आधारित होगी. गौरतलब है कि रेनॉ और निसान भारतीय मार्केट में साझेदार हैं और वाहनों ककी तकनीक और कई चीजें आपस में साझा करती हैं. फिलहाल निसान ने इसके लॉन्च की कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन इसके 2023 में कहीं लॉन्च के कयास लगाए जा रहे हैं.
कितनी दमदार है ट्राइबर
रेनॉ ने भारतीय मार्केट के लिए जून 2019 में पहली बार ट्राइबर लॉन्च की थी जिसे कंपनी के सीएमएफ-ए प्लस प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया था. इस कार के साथ 1.0-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 71 बीएचपी ताकत और 96 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है. रेनॉ ट्राइबर का ये इंजन सामान्य तौर पर 5-स्पीड मैनुअल और एएमटी गियरबॉक्स के साथ आता है.
तीन कतार वाली होगी नई एमपीवी
निसान की नई एमपीवी तीन कतार यानी 3-रो मॉडल होगा और इसके साथ बहुत सारे कॉस्मैटिक बदलाव मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है. इस एमपीवी के अगले हिस्से में नई ग्रिल के साथ दूसरी तरह के बंपर्स दिए जाएंगे, वहीं व्हील कवर्स को भी नई डिजाइन दी जाने वाली है. केबिन में नई थीम वाली अपहोल्स्ट्री मिलने का अनुमान है, इसके अलावा 7-सीटर के हिसाब का लेआउट मिलेगा जहां डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पिछली सीट्स के लिए एसी वेंट्स और कई जगह स्टोरेज मिल सकता है.
