भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा है। इसके चलते कंपनियां कम कीमत में बेहतरीन फीचर्स और दमदार इंजन के साथ गाड़ियां लॉन्च कर रही है। हाल ही में निसान इंडिया ने भारतीय सड़कों पर Nissan Gravite को लॉन्च किया है। इस गाड़ी के बेस वेरिएंट, जिसे Visia कहा जाता है, की कीमत 5.65 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। इस कीमत के साथ यह एमपीवी भारत की सबसे सस्ती 7-सीटर कार बन जाती है। हम आपको बता रहे हैं कि निसान ग्रैविट के बेस वेरिएंट में आपको क्या मिलता है और क्या नहीं? क्या यह गाड़ी वैल्यू फॉर मनी है और इसे खरीदना फायदे का सौदा है? आइए आपको सारी जानकारी देते हैं।
इंजन, परफॉर्मेंस और मैकेनिकल सेटअप
निसान ग्रैविट के बेस वेरिएंट की बात करें तो इसमें आपको 1.0-लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलता है, जिसका डिस्प्लेसमेंट 999 cc है। यह इंजन 6250 rpm पर 72 PS की पावर और 3400 से 3600 rpm के बीच 96 Nm का टॉर्क देता है। बेस वेरिएंट में 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स ट्रांसमिशन दिया गया है। AMT ट्रांसमिशन का ऑप्शन सिर्फ टॉप वेरिएंट्स में ही उपलब्ध है। कंपनी का दावा है कि यह गाड़ी एक लीटर पेट्रोल में 19.6 km प्रति लीटर (ARAI) की माइलेज देगी।
ऊबड़-खाबड़ सड़कों के हिसाब से डिजाइन
निसान ग्रैविट को भारतीय सड़कों के अनुसार डिजाइन किया गया है। 182 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस भारत की ऊबड़-खाबड़ सड़कों के लिए सही है। Gravite के सभी वेरिएंट्स के डाइमेंशन एक जैसे हैं। इसकी लंबाई 3987 mm, चौड़ाई 1734 mm, ऊंचाई 1643 mm, व्हीलबेस 2636 mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 182 mm है। खरीदारों के लिए Nissan Gravite पर विचार करने की एक बड़ी वजह इसका 4-मीटर से कम आकार में 7-सीटर कॉन्फ़िगरेशन है। इसके केबिन में लचीले बैठने के विकल्प मिलते हैं—दूसरी पंक्ति की सीटें 60:40 अनुपात में और तीसरी पंक्ति की सीटें 50:50 अनुपात में फोल्ड होती हैं, जबकि तीसरी पंक्ति की स्वतंत्र सीटों को जरूरत पड़ने पर हटाया भी जा सकता है। यह मॉड्यूलर लेआउट उपयोग के अनुसार सीटिंग और लगेज स्पेस के अलग-अलग कॉन्फ़िगरेशन की सुविधा देता है।
बेस वेरिएंट में कौन-कौन फीचर्स मिलते हैं—
Nissan Gravite में कंपनी 30 से अधिक सेफ्टी फीचर्स देने का दावा करती है। इनमें 6 एयरबैग (फ्रंट, साइड और कर्टेन), इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम (TCS), हिल स्टार्ट असिस्ट (HSA), ABS के साथ इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक-फोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (EBD), ब्रेक असिस्ट सिस्टम (BAS), टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), रियर पार्किंग सेंसर, ISOFIX चाइल्ड सीट एंकरेज, सभी सीटों के लिए सीटबेल्ट रिमाइंडर, स्पीड अलर्ट चेतावनी और तेज ब्रेक लगाने पर ऑटोमैटिक हेज़र्ड वार्निंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इंटीयर की बात करें तो इसमें ड्यूल-टोन इंटीरियर थीम, LED केबिन लाइटिंग, ड्राइवर सीट की ऊंचाई एडजस्ट करने की सुविधा, फ्रंट और सेकेंड रो सीटों के लिए स्लाइड व रिक्लाइन फंक्शन, दूसरी और तीसरी पंक्ति के लिए एडजस्टेबल हेडरेस्ट, फ्रंट पावर विंडो, टिल्ट एडजस्टमेंट के साथ इलेक्ट्रॉनिक पावर स्टीयरिंग, मैन्युअल एडजस्टेबल ORVMs, 12-वोल्ट फ्रंट पावर आउटलेट और ओपन स्टोरेज वाला सेंटर कंसोल दिया गया है।
बेस वेरिएंट में नहीं मिलते ये फीचर्स
Visia बेस वेरिएंट चुनने वाले ग्राहकों को कई सुविधा और टेक्नोलॉजी फीचर्स नहीं मिलते जो ऊंचे वेरिएंट्स में उपलब्ध हैं। इनमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, रियर पार्किंग कैमरा, रियर पावर विंडो, वायरलेस चार्जर, क्रूज़ कंट्रोल, पुश-बटन स्टार्ट और स्मार्ट की, रेन-सेंसिंग वाइपर, ऑटोमैटिक हेडलाइट, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल ORVM, रियर वाइपर और वॉशर, रियर डिफॉगर, अलॉय व्हील और प्रीमियम स्वेड या लेदरेट अपहोल्स्ट्री जैसे फीचर्स शामिल हैं।
खरीदारों के लिए क्या है खास?
करीब 5.65 लाख रुपये की कीमत पर Gravite Visia उन ग्राहकों के लिए तैयार की गई है जिन्हें एक प्रैक्टिकल और किफायती 7-सीटर फैमिली कार चाहिए। इसमें 7-सीटर मॉड्यूलर लेआउट, 6 एयरबैग के साथ मजबूत सेफ्टी पैकेज, भारतीय सड़कों के लिए 182 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस और सीटिंग व लगेज के लिए फ्लेक्सिबल विकल्प मिलते हैं। हालांकि, इसमें ज्यादातर प्रीमियम, इंफोटेनमेंट और कंफर्ट फीचर्स नहीं मिलते जो इसके ऊंचे वेरिएंट्स में उपलब्ध हैं।
