Royal Enfield Guerrilla 450 Sales: रॉयल एनफील्ड गुरिल्ला कुछ समय पहले ही भारत में लॉन्च हुई है। अब अगस्त 2024 में इस मोटरसाइकिल ने बिक्री में हिमालयन 450 को पछाड़ दिया है। पिछले महीने कंपनी ने भारत में कुल 2,205 गुरिल्ला बाइक बेची है, वहीं हिमालयन 450 की बिक्री 2,009 पर ही सिमट गई। नई गुरिल्ला की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 2.39 लाख रुपये रखी गई है जो टॉप मॉडल के लिए 2.54 लाख तक जाती है। स्टाइल और डिजाइन के मामले में ये कंपनी की ज्यादातर बाइक्स से बिल्कुल जुदा है, रोड्सर और स्क्रैंबलर क्लास के बीच में कहीं गुरिल्ला 450 ने अपनी जगह बनाई है।
कितना दमदार है इंजन
नई मोटरसाइकिल के साथ 452 सीसी का लिक्विड कूल्ड सिंगल सिलेंडर शेरपा इंजन दिया गया है। ये दमदार इंजन 39.4 बीएचपी ताकत और 40 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। कंपनी का दावा है कि 3,000 आरपीएम पर ही इस इंजन का 85 प्रतिशत से ज्यादा टॉर्क मिलने लगता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिला है जो असिस्ट और स्लिपर क्लच से लैस है। ये रोड्सटर बाइक दो राइड मोड्स - परफॉर्मेंस और ईको के अलावा राइड बाय वायर तकनीक के साथ आई है।
कितनी है इसकी कद-काठी
रॉयल एनफील्ड की नई गुरिल्ला मोटरसाइकिल बहुत काबिल है और शहरों की ट्रैफिक भरी, हाइवे की सीधी और पहाड़ों की घुमावदार सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन करती है। इसे स्टील ट्विन स्पार ट्यूबलर फ्रेम पर बनाया गया है, वहीं इसका व्हीलबेस 1,440 मिमी है। इसकी लंबाई 2,090 मिमी, चौड़ाई 833 मिमी और कद 1,125 मिमी है। बतौर क्रूजर इसकी सीट की हाइट 780 मिमी है। कंपनी ने नई गुरिल्ला 450 को चटक रंगों में पेश किया है जिससे साफ है कि युवाओं के हिसाब से इसे तैयार किया गया है।
स्पेक्स और ब्रेकिंग जोरदार
बाइक के साथ 11 लीटर का संकरा फ्यूल टैंक, एलईडी रेट्रो राउंड हेडलाइट, एलईडी टेललाइट से जुड़े इंडिकेटर्स और सिंगल सीट दिए गए हैं। इसका वजन कुल 185 किग्रा है। गुरिल्ला 450 के अगले हिस्से में 42 मिमी के टेलिस्कोपिक फोर्क्स और पिछले हिस्से में मोनोशॉक सस्पेंशन दिए गए हैं। बाइक के अगले और पिछले व्हील में क्रमशः 310 और 270 मिमी के डिस्क ब्रेक मिले हैं, वहीं डुअल-चैनल एबीएस से इसकी ब्रेकिंग जबरदस्त हो जाती है।
फीचर्स हाइटेक बाइक वाले
इस मोटरसाइकिल को तीन वेरिएंट्स - ऐनलॉग, डैश और फ्लैश में पेश किया गया है। सबसे सस्ता वेरिएंट डिजिटल ऐनलॉग इंस्ट्रूमेंट कंसोल और विकल्प में नेविगेशन ट्रिपर पॉड के साथ आया है। टॉप मॉडल को 4-इंच राउंड टीएफटी डिस्प्ले मिलता है जो गूगल मैप्स से लैस है। इसके कंसोल को ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के जरिए अपने स्मार्टफोन से जोड़ सकते हैं, इससे म्यूजिक और मैसेज पढ़ने के साथ कई अन्य काम कर सकते हैं।
किस वेरिएंट की कीमत कितनी
सबसे सस्ती रॉयल एनफील्ड गुरिल्ला 450 की चेन्नई में एक्सशोरूम कीमत 2.39 लाख रुपये है। ये दो रंगों - स्मोक सिल्वर और प्लाया ब्लैक में उपलब्ध है। मिड लेवल डैश वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 2.49 लाख रुपये है जो प्लाया ब्लैक और गोल्ड डिप कलर्स में मिल रही है। अंत में फ्लैश वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 2.54 लाख रुपये है। ये दो रंगों - येल्लो रिबन और ब्रेव ब्लू रंगों में पेश किया गया है।
