2026 Renault Duster: नई जेनरेशन 2026 रेनॉल्ट डस्टर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत में शानदार वापसी करने जा रही है। फ्रेंच कार निर्माता कंपनी ने भारत में लॉन्च से पहले ही नई जेनरेशन SUV को कई बार टीज किया है, जिससे हमें आने वाले मॉडल के डिजाइन की झलक मिली है, और इसकी दमदार क्षमताओं का भी संकेत मिला है। नई-जेनरेशन डस्टर लोकप्रिय SUV नामों में से है जो फिर वापसी कर रही है। 2012 में लॉन्च हुई रेनॉल्ट डस्टर, बंद होने से पहले भारतीय कार खरीदारों के बीच बहुत लोकप्रिय थी। आइए जानते हैं कि नई डस्टर में क्या खास मिलने वाला है। किन गाड़ियों से इसका मुकाबला होगा और कितनी हो सकती है कीमत?
क्रेटा, सेल्टोस, ग्रैंड विटारा जैसी गाड़ियों से मुकाबला
नई डस्टर का सीधा मुकाबला क्रेटा, सेल्टोस, ग्रैंड विटारा जैसी गाड़ियों से होगा। इस सेगमेंट में हुंदै के क्रेटा और किआ के सेल्टोस मॉडल की संयुक्त रूप से लगभग आधी हिस्सेदारी है। इनके अलावा मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा एवं टोयोटा हाइराइडर, स्कोडा कुशाक और फॉक्सवैगन टाइगुन जैसे मॉडलों ने भी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। ऐसे में रेनो ने भी डस्टर से काफी उम्मीद लगाई हुई हैं।
वाहन विशेषज्ञों के मुताबिक, डस्टर को भारत में उस मॉडल के तौर पर देखा जाता है जिसने एक दशक पहले सही मायने में एसयूवी खंड को मुख्यधारा में लाने का काम किया था। अपने मजबूत सस्पेंशन, खराब सड़कों पर स्थिरता और राजमार्गों पर भी भरोसेमंद ड्राइविंग को इसकी खासियत माना गया था। लेकिन समय के साथ खुद को नहीं ढाल पाने की वजह से फ्रांसीसी कंपनी रेनो को यह मॉडल बंद करना पड़ा था।
आधुनिक डिजाइन और बेहतरीन फीचर्स के साथ वापसी करेगी
रेनो इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) स्टेफन डेब्लेज ने डस्टर की वापसी को भारतीय बाजार के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए कहा था कि डस्टर सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि एक लीजेंड है। यह रोमांच, भरोसे और इनोवेशन का प्रतीक रही है। नई डस्टर अपनी विरासत बनाए रखते हुए मॉडर्न डिजाइन, नई टेक्नोलॉजी और दमदार इंजन के साथ वापसी करेगी।
हालांकि जानकारों का कहना है कि रेनो इंडिया के लिए बदले हुए माहौल में अपनी पुरानी कामयाबी को दोहरा पाना आसान नहीं होगा। मिड-साइज एसयूवी का खरीदार आज नए फीचर, कनेक्टिविटी, बड़ी टचस्क्रीन, सनरूफ और उच्च सुरक्षा रेटिंग जैसे पहलुओं पर पहले से कहीं ज्यादा ध्यान देता है। ऑटो इंडस्ट्री के जानकारों के अनुसार, नई डस्टर की कीमत 10.50 लाख रुपये से शुरू हो सकती है।
