New Hero Xpulse 210 Launched: हीरो मोटोकॉर्प ने ऑटो एक्सपो 2025 के पहले ही दिन नई एक्सपल्स 210 लॉन्च कर दी है जिसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 1.76 लाख रुपये है। इस नई मोटरसाइकिल में हीरो करिज्मा एक्सएमआर वाला इंजन दिया गया है जो 24.6 एचपी ताकत और 20.7 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। हीरो का कहना है कि नई मोटरसाइकिल के इंजन में कई बदलाव किए गए हैं जिनमें क्रैंकशाफ्ट को खास प्रदर्शन के हिसाब से सेट किया गया है। इसके अलावा पिछले मॉडल के मुकाबले नई हीरो एक्सपल्स 210 का वजन भी 11 किग्रा बढ़ गया है।
सस्पेंशन सेटअप तगड़ा
कीमत के हिसाब से नई हीरो एक्सपल्स 210 के अगले हिस्से में टेलिस्कोपिक सस्पेंशन और पिछले हिस्से में मोनोशॉक दिए गए हैं। इसके अगले हिस्से में 21 इंच और पिछले हिस्से में 18 इंच का पहिया दिया गया है। यानी ऑफरोडिंग या एडवेंचर के लिए ये जोरदार और सस्ता विकल्प है।
डिजाइन और स्टाइल
नई एक्सपल्स 210 के डिजाइन और स्टाइल में भी कुछ बदलाव देखने को मिले हैं। अब ये ज्यादा एडवेंचर मोटरसाइकिल नजर आती है और इसकी सीट का आकार भी अब जरूरत के हिसाब से बदल दिया गया है। कंपनी ने इसके साथ खास डिजाइन वाली सीट दी है जो ऑफरोडिंग के दौरान राइडर को बाइक पर मजबूती देती है।
डुअल चैनल एबीएस
हीरो मोटोकॉर्प ने इस बाइक के साथ 4.2 इंच का टीएफटी डैश दिया है जो कई जानकारियां राइडर को देता है। इसके अलावा नई एक्सपल्स 210 को डुअल चैनल एबीएस भी दिया गया है यानी दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक्स आपको मिलने वाले हैं। स्टैंडर्ड हीरो एक्सपल्स 200 की तुलना में नई एक्सपल्स 210 करीब 29,000 रुपये महंगी है।
