MG Hector Price Hike: एमजी मोटर इंडिया ने एक बार फिर हैक्टर एसयूवी की कीमत में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने सितंबर में ही अपनी हैक्टर और हैक्टर प्लस की कीमतों में कटौती की थी जिसे अब 40,000 रुपये तक बढ़ा दिया गया है। बढ़ी हुई कीमत के साथ अब एमजी हैक्टर की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 15 लाख रुपये हो गई है। भारतीय मार्केट में हैक्टर 6 वेरिएंट्स - स्टाइल, शाइन, स्मार्ट, स्मार्ट प्रो, शार्प प्रो और सैवी प्रो में उपलब्ध है। कंपनी ने अलग-अलग वेरिएंट के हिसाब से एसयूवी की कीमत में इजाफा किया है, इनमें से सबसे ज्यादा कीमत स्मार्ट प्रो डीजल और शार्प प्रो डीजल की बढ़ी है।
कितने महंगे हुए वेरिएंट्स
एमजी मोटर इंडिया ने हैक्टर एसयूवी के बेस स्टाइल पेट्रोल वेरिएंट की कीमत 27,000 रुपये बढ़ाई है, वहीं शाइन पेट्रोल 31,000 रुपये महंगा हो गया है। स्मार्ट पेट्रोल का दाम 35,000 रुपये बढ़ाया गया है, तो स्मार्ट प्रो शार्प प्रो पेट्रोल भी इतने ही महंगे हुए हैं। सैवी प्रो पेट्रोल की कीमत में 27,000 रुपये बढ़ोतरी की गई है। शाइन डीजल की बात करें तो ये 31,000 रुपये महंगा हो गया है, वहीं स्मार्ट डीजल का दाम 30,000 रुपये बढ़ गया है। कंपनी ने स्मार्ट प्रो डीजल और शार्प प्रो डीजल की कीमत 40,000 रुपये बढ़ाई है।
कितनी दमदार हैं दोनों एसयूवी
मॉरिस गैराजेस ने हैक्टर के साथ 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया है। ये इंजन 6-स्पीड मैनुअल और सीवीटी गियरबॉक्स से लैस है, वहीं ये 143 एचपी ताकत बनाता है। इसके अलावा 2.0-लीटर डीजल इंजन भी एसयूवी को मिला है जो 170 एचपी ताकत बनाता है और सिर्फ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स में उपलब्ध है। मुकाबले पर नजर डालें तो यहां टाटा हैरियर, जीप कम्पास और महिंद्रा एक्सयूवी700 का 5-सीटर वर्जन भी हैक्टर और हैक्टर प्लास की टक्कर में मौजूद हैं।
