MG Cyber X: जानी-मानी ब्रिटिश कार निर्माता कंपनी MG की तरफ से हाल ही में साइबर X नामक SUV का टीजर जारी किया गया है। माना जा रहा है कि MG साइबर X, लैंड क्रूजर से प्रेरित SUV होगी। MG द्वारा ‘साइबर’ ब्रैंड के तहत यह दूसरी कार पेश की गई है। इससे पहले कंपनी द्वारा साइबरस्टर नामक इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्सकार पेश की गई थी और यह कार भी ‘साइबर’ ब्रैंड के तहत ही पेश की गई थी। आइये आपको बताते हैं कि MG की इस नई SUV में आपको क्या कुछ खास मिल सकता है।
MG ला रही है लैंड-क्रूजर जैसी SUV, ग्लोबल डेब्यू से पहले टीजर आया
MG का ‘सिटी एडवेंचर टॉय’
MG द्वारा हाल ही में पेश की गई साइबर X SUV एक ऊंची और बॉक्सी SUV है। कंपनी द्वारा इस दमदार SUV को ‘सिटी एडवेंचर टॉय’ कहा जा रहा है। कंपनी द्वारा कई टीजर वीडियो जारी किये गए हैं और इनमें से कई वीडियोज में SUV को साइड से आगे से देखा जा सकता है। हालांकि यह SUV कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में ही आएगी और 4.5 मीटर लंबी ही होगी, लेकिन स्टाइल और डिजाइन के मामले में यह बहुत हद तक जानी-मानी लैंड क्रूजर SUV से प्रेरित लगती है।
टीजर से क्या पता लगा
जैसा कि हमने ऊपर बताया कि कंपनी द्वारा कार के कई टीजर जारी किये गए हैं। आइये अब जानते हैं कि कार के टीजर से हमें क्या कुछ पता चलता है। कार में आगे और पीछे की तरफ मौजूदा स्टाइलिश लाइटबार देखने को मिल सकता है। साथ ही कार में आगे की तरफ MG का लोगो दिखता है जो इलुमिनेटेड है यानी जलता है। कार के पावरट्रेन को लेकर अभी कुछ खास जानकारी उपलब्ध नहीं है। माना जा रहा है कि कार में MG की पैरेंट कंपनी SAIC का इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म E3 देखने को मिल सकता है।
