Maruti Suzuki WagonR Flex Fuel vs Petrol: मारुति सुजुकी ने बीते दिन ही भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर कार WagonR Flex Fuel पेश की है। यह कदम देश में वैकल्पिक ईंधन और इथेनॉल आधारित मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पहली नजर में नई WagonR Flex Fuel और सामान्य पेट्रोल WagonR लगभग एक जैसी दिखती हैं, लेकिन दोनों के बीच तकनीक और ईंधन के मामले में कई बड़े अंतर हैं। इस आर्टिकल में दोनों कारों के बीच अंतर ही बताने जा रहे हैं-

Maruti Suzuki
डिजाइन और फीचर्स
डिजाइन और फीचर्स के मामले में WagonR Flex Fuel काफी हद तक सामान्य पेट्रोल मॉडल जैसी ही है। दोनों कारों का एक्सटीरियर, केबिन लेआउट और फीचर लिस्ट लगभग समान है। हालांकि, फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल को अलग पहचान देने के लिए कंपनी ने बॉडी पर ग्रीन और ब्लू डिकल्स, साइड प्रोफाइल पर ग्रीन एक्सेंट स्ट्रिप और दरवाजों पर Flex Fuel बैजिंग दी है। फीचर्स की बात करें तो इसमें 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, Android Auto और Apple CarPlay, मैनुअल एयर कंडीशनिंग, 6 एयरबैग, रियर पार्किंग सेंसर और ABS के साथ EBD जैसे फीचर्स मिलते हैं। आराम और सुरक्षा से जुड़े अधिकांश फीचर्स पेट्रोल मॉडल के समान ही रखे गए हैं।
इंजन
हालांकि, यहां फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक को समझना जरूरी है। यह एक वैकल्पिक ईंधन तकनीक है, जिसमें पेट्रोल को इथेनॉल जैसे जैविक ईंधन के साथ मिलाकर इस्तेमाल किया जाता है। इथेनॉल आमतौर पर गन्ने, मक्का और कृषि अपशिष्ट से तैयार किया जाता है। फ्लेक्स-फ्यूल वाहन E20 (20% इथेनॉल) से लेकर E100 (100% इथेनॉल) तक के मिश्रण पर चल सकते हैं।
WagonR Flex Fuel और सामान्य WagonR में 1.2-लीटर, 4-सिलेंडर इंजन और 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है। हालांकि, फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल के इंजन को अधिक इथेनॉल मिश्रण पर चलाने के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। इसमें अपग्रेडेड फ्यूल इंजेक्टर, नई फ्यूल पंप प्रणाली, जंग-रोधी फ्यूल लाइनें, री-कैलिब्रेटेड ECU, इथेनॉल सेंसर और हीटेड फ्यूल रेल्स जैसे बदलाव किए गए हैं। कंपनी ने अभी इसकी पावर और टॉर्क के आंकड़े साझा नहीं किए हैं, लेकिन इथेनॉल की उच्च ऑक्टेन रेटिंग के कारण प्रदर्शन में हल्का सुधार देखने को मिल सकता है।
माइलेज
सामान्य पेट्रोल WagonR कंपनी के अनुसार 23.56 kmpl से 25.19 kmpl तक का माइलेज देती है। वहीं, Flex Fuel मॉडल के माइलेज के आधिकारिक आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं। हालांकि, इथेनॉल की ऊर्जा क्षमता पेट्रोल की तुलना में कम होती है, इसलिए फ्लेक्स-फ्यूल वर्जन का माइलेज कुछ कम रहने की संभावना है। इसके बावजूद इथेनॉल की कीमत पेट्रोल से कम हो सकती है, जिससे कुल रनिंग कॉस्ट घट सकती है। ऐसे में ज्यादा दूरी तय करने वाले ग्राहकों के लिए Flex Fuel WagonR एक किफायती विकल्प साबित हो सकती है।
