Maruti Suzuki Swift Sales Drop: भारतीय मार्केट में अब छोटी कारों की बिक्री कम और कॉम्पैक्ट एसयूवी और उससे बड़ी कारों की बिक्री काफी बढ़ गई है। इसका सीधा असर देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट पर भी पड़ा है। कंपनी ने नवंबर 2024 में स्विफ्ट की साल दर साल बिक्री में 4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की है। नवंबर में कंपनी ने स्विफ्ट की कुल 14,737 यूनिट बेची हैं जो पिछले साल इसी महीने 15,311 यूनिट थी। बता दें कि जून 2024 के बाद से ही इस कार की बिक्री में लगातार गिरावट आ रही है। नई जनरेशन मॉडल लॉन्च करने के बावजूद इस किफायती हैचबैक की बिक्री में कोई इजाफा नहीं हुआ है, इसके अलावा कंपनी नए मॉडल पर भी बंपर डिस्काउंट दे रही है।
डिस्काउंट से भी बात नहीं बनी
भारत में ऑटोमोटिव इंडस्ट्री इतनी तेजी से बढ़ रही है कि मुकाबला तप के लाल हो गया है। हालात ये हैं कि हालिया लॉन्च कार पर भी वाहन निर्माता बड़े डिस्काउंट देने लगी हैं। मारुति सुजुकी ने कुछ समय पहले ही भारत में नई जनरेशन स्विफ्ट लॉन्च की थी, अब कंपनी इसपर स्टॉक क्लीयरेंस ऑफर दे रही है। नई जनरेशन स्विफ्ट हैचबैक पर 60,000 रुपये तक डिस्काउंट मिल रहा है। कंपनी ने स्विफ्ट सीएनजी पर पिछले महीने 35,000 रुपये डिस्काउंट दिया था, अब ये डिस्काउंट दिसंबर 2024 में बढ़कर 55,000 रुपये हो गया है। हालांकि बिक्री पर इसका असर दिखाई नहीं दे रहा है।
फुल पैसा वसूल फीचर्स से लोडेड
नई जनरेशन स्विफ्ट के साथ नया 9-इंच का फ्री-स्टैंडिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा नई डिजाइन के एसी पैनल्स और सेंटर कंसोल, नई केबिन थीम, आर्कमीज साउंड सिस्टम, वायरलेस चार्जर, टाइप सी चार्जिंग पोर्ट, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, पूरी तरह नया डैशबोर्ड और कई सारे हाइटेक फीचर्स नई जनरेशन मारुति सुजुकी स्विफ्ट के साथ दिए हैं। 2024 स्विफ्ट को 5 वेरिएंट्स - एलएक्सआई, वीएक्सआई, वीएक्सआई ओ, जेडएक्सआई और जेडएक्सआई प्लस में लॉन्च किया गया है।
धाकड़ माइलेज देता है नया इंजन
त्योहारी सीजन के बावजूद भारतीय वाहन मार्केट की बहार इस बार नदारद रही है, यही वजह है कि इस नई-नवेली कार पर इतना बड़ा डिस्काउंट दिया गया है। बिल्कुल नई मारुति सुजुकी स्विफ्ट के साथ नया 1.2-लीटर जेड-सीरीज तीन-सिलेंडर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है। ये इंजन मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से लैस है और 80 बीएचपी के साथ 112 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। कंपनी का दावा है कि मैनुअल गियरबॉक्स के साथ ये इंजन 25.75 किमी/लीटर माइलेज देता है, वहीं ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन में इसका माइलेज 24.80 किमी/लीटर है।
सेफ्टी के मामले में भी जोरदार
अब तक मारुति सुजुकी स्विफ्ट की सेफ्टी रेटिंग काफी निराशाजनक रही है, लेकिन चौथी जनरेशन हैचबैक को कंपनी ने बहुत सुरक्षित बनाया है। इसके सभी वेरिएंट्स को 6 एयरबैग्स मिले हैं, वहीं 3 पॉइंट सीटबेल्ट भी सभी सीट्स के लिए दिए गए हैं। कंपनी ने नई जनरेशन स्विफ्ट को तैयार करने में करीब 1,450 करोड़ रुपये का निवेश किया है। बता दें कि देश के पैसेंजर वाहन मार्केट की बिक्री में भारी कमी दर्ज की गई है। ऐसे में सभी कंपनियां अब जोरदार डिस्काउंट देकर अपना मौजूदा स्टॉक 2024 खत्म होने से पहले क्लीयर करने की भरपूर कोशिश करेंगी।
